Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

श्रोताओं के लिए यादगार बन गया नवांकुर संगीत समारोह

कार्यक्रम पेश करते केलकै

फर्रुखाबाद,20 दिसंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (संस्कृति विभाग) लखनऊ एवं कृष्णा देवी बालिका डिग्री कॉलेज, फर्रुखाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आवास विकास स्थित कॉलेज सभागार में आयोजित नवांकुर संगीत समारोह श्रोताओं के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत नाटक अकादमी की प्रतिनिधि रेनू श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र पाण्डेय, कॉलेज प्राचार्य अनुराग यादव व रंजना श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।

संगीत समारोह की शुरुआत वाराणसी से आए कलाकार हेमंत कुमार के वायलिन वादन से हुई। उन्होंने राग भीमपलासी की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभागार को तालियों से गुंजायमान कर दिया। तबले पर पंडित अनुराग मिश्रा की संगत ने प्रस्तुति को और प्रभावी बनाया। इसके बाद कानपुर से पधारीं पंडित विनोद द्विवेदी की शिष्या दिव्या गुप्ता ने ध्रुपद-धमार गायन कर श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की गंभीरता से परिचित कराया। पखावज पर अनुभव रामदास ने संगत दी।

लखनऊ से आए भजन गायक अथर्व मिश्रा ने राम भक्ति से ओतप्रोत भजनों का आलाप सहित गायन किया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। आगरा के नक्श वरुण ने तीन ताल में तबला वादन कर दुगुन-चौगुन व कायदे-पलटों के माध्यम से अपनी दक्षता का परिचय दिया। हारमोनियम पर वंदना वर्मा ने संगत की। समारोह की अंतिम प्रस्तुति अयोध्या से आए कलाकार अनुभव रामदास की रही, जिन्होंने पखावज वादन से प्रभु श्रीराम की दिव्य अनुभूति कराई। कार्यक्रम के समापन पर रेनू श्रीवास्तव ने कहा कि नवांकुर जैसे आयोजन नवोदित कलाकारों को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द दीक्षित ने किया। डॉ. अंजू पाण्डेय, संस्कार भारती सचिव गौरव मिश्रा, धीरेन्द्र वर्मा, वैभव सोमवंशी, श्रद्धा दुबे आदि रहे।

(Udaipur Kiran) /chandrapal singh sengar

—————

(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *