नेपाल में अयोध्या-जनकपुर स्पेशल ट्रेन का भव्य स्वागत
17 कोचों में पहुंचे लगभग 1,000 श्रद्धालु; यात्रियों ने किए जानकी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन
24 नवंबर (उदयपुर किरण)। अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली स्पेशल ट्रेन जब करीब 1,000 श्रद्धालुओं को लेकर नेपाल पहुंची, तो उसका भव्य स्वागत किया गया। सरयू और कमला नदी की संस्कृतियों को जोड़ने वाली यह ट्रेन मंगलवार सुबह 5:19 बजे मधुबनी रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय सिया राम’ के जमकर नारे लगाए।
यह ट्रेन सुबह 6:15 बजे जयनगर स्थित नेपाल रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां सुरक्षा जांच के बाद यह धीरे-धीरे जनकपुर की ओर आगे बढ़ी।
अयोध्या से जयनगर तक करीब 1,000 श्रद्धालुओं ने 17 कोचों में सफर किया। पूरी ट्रेन में ‘जय श्री राम’ के जयकारे गूंजते रहे।

जनकपुर धाम में हुआ भव्य स्वागत
ट्रेन सुबह 9:30 बजे जनकपुर धाम स्टेशन पहुंची। स्टेशन को नेपाल के राष्ट्रीय ध्वज और भगवा झंडों से सजाया गया था, वहीं श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ यात्रियों का जोरदार स्वागत किया।
भारतीय यात्रियों का स्वागत फूल और मालाओं से किया गया। यात्रियों के लिए नाश्ते, पीने के पानी और खाने का भी पूरा इंतजाम था।
जनकपुर धाम रेलवे स्टेशन पर एक स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में अवध और मिथिला क्षेत्र के गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों को दिखाया गया। मिथिला नाट्य परिषद की प्रस्तुतियों ने इस जश्न में चार चांद लगा दिए।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने किए जानकी मंदिर के दर्शन
यह यात्रा कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुई, जब जनकपुर के जानकी मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। अयोध्या से आए यात्रियों ने भी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने भगवती मंदिर, राम मंदिर, गंगा सागर और धनुषा सागर के भी दर्शन किए।
जनकपुर धाम के माता जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास ने कहा कि जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने से मिथिला क्षेत्र में टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
माना जा रहा है कि इस ट्रेन कनेक्टिविटी से दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्ते और ज्यादा मजबूत होंगे।



