Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
BREAKING
HEADLINES

वंदे भारत ट्रेनों में नया मेन्यू लागू, खाने के ऑप्शंस घटे

उदयपुर, 24 नवंबर: लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के खाने का अंदाज अब बदलने वाला है। ट्रेनों में मिलने वाले खाने की क्वालिटी सुधारने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने मेन्यू में कटौती शुरू कर दी है। इस बदलाव के तहत यात्रियों को अब ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर में पहले के मुकाबले कम ऑप्शन मिलेंगे। फिलहाल इस नई व्यवस्था को तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूट्स पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, 1 नवंबर से लागू हुई इस नई व्यवस्था का मकसद खाने की क्वालिटी और हाइजीन से जुड़ी शिकायतों को कम करना है। एयरलाइंस की तरह लिमिटेड मेन्यू रखकर हर डिश की क्वालिटी पर नजर रखना आसान होगा। IRCTC अभी यात्रियों से फीडबैक ले रहा है। अगर इसका रिस्पॉन्स अच्छा रहा, तो इसे दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।

तीन वंदे भारत स्लीपर रूट्स पर ट्रायल

रेलवे मिनिस्ट्री के एक अधिकारी के अनुसार, यह ट्रायल फिलहाल सभी तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूट्स पर चल रहा है, जिनमें शामिल हैं:

ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक में बदलाव

मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के नए मेन्यू में ब्रेकफास्ट के लिए अब तीन ऑप्शन मिलेंगे। यात्री चटनी-सांभर के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से चुन सकते हैं।

लंच और डिनर में यात्रियों को रोटी, चावल, दाल और एक मेन डिश मिलेगी, जिसमें वे चिकन या वेज में से चुन सकते हैं। पहले यात्रियों के पास खाने के कई और ऑप्शंस होते थे। नए मेन्यू से ब्रेकफास्ट और मेन मील की कई चीजें हटा दी गई हैं।

पुराने मेन्यू से हटाई गईं मुख्य चीजें:

  • ब्रेकफास्ट से सूप, एग ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच और वेज सैंडविच जैसी चीजें हटाई गईं।
  • छाछ (बटरमिल्क) और चॉकलेट को भी ब्रेकफास्ट की लिस्ट से बाहर कर दिया गया है।
  • लंच और डिनर से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे ऑप्शन हटा दिए गए हैं।

थाली का वजन 700 ग्राम से घटाकर 500 ग्राम किया गया

नए मेन्यू में न सिर्फ डिशेज की संख्या कम की गई है, बल्कि खाने का कुल वजन भी घटाया गया है। IRCTC के मुताबिक, पहले एक मील का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जिसे अब घटाकर लगभग 450 से 500 ग्राम कर दिया गया है।

हालांकि, कॉरपोरेशन का कहना है कि किसी भी डिश की मात्रा (क्वांटिटी) में कटौती नहीं की गई है। इसका मतलब है कि प्लेट में मिलने वाली चीजों की मात्रा पहले जैसी ही है, बस ऑप्शंस कम होने की वजह से कुल वजन घट गया है।

IRCTC के एक अधिकारी ने बताया कि एयरलाइंस की तरह छोटा मेन्यू होने से, ढेरों डिशेज बनाने के बजाय चुनिंदा चीजों की क्वालिटी पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकता है।

खाना तैयार करने का जिम्मा इन कंपनियों के पास

वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में खाना सप्लाई करने के लिए IRCTC ने बड़ी क्लाउड किचन कंपनियों से हाथ मिलाया है। एक अधिकारी ने बताया कि कामाख्या रूट की जिम्मेदारी मेफेयर ग्रुप के पास है, हावड़ा रूट की जिम्मेदारी ताजसैट्स (TajSATS) के पास है और बाकी दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का जिम्मा सरोवर पोर्टिको ग्रुप संभाल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ये किचन तय क्वालिटी के मुताबिक खाना बनाने, पैक करने और सर्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

खाने से जुड़ी शिकायतों में 10% की कमी

IRCTC के वेस्टर्न जोन के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा के मुताबिक, क्लाउड किचन से खाना मिलने की शुरुआत के बाद से खाने से जुड़ी शिकायतों में 10% की कमी आई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि ही IRCTC की पहली प्राथमिकता है।

दरअसल, पिछले कुछ सालों में वंदे भारत समेत लंबी दूरी की ट्रेनों में खाने की क्वालिटी को लेकर शिकायतें काफी बढ़ गई थीं। यात्रियों ने ठंडा खाना, बासी खाना और खाने में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें की थीं।

दही में कीड़े से लेकर दाल में कॉकरोच तक की शिकायतें

खाने की क्वालिटी से जुड़ी घटनाओं ने रेलवे के कैटरिंग सिस्टम पर कई सवाल खड़े किए हैं।

  • मार्च में: 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत ट्रेन में दिए गए दही में कीड़े पाए गए थे।
  • अगस्त 2024 में: शिरडी-मुंबई वंदे भारत ट्रेन में दाल में कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी।
  • फरवरी 2024 में: 20173 रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत ट्रेन में एक यात्री के खाने में कॉकरोच मिला था।
  • अक्टूबर 2017 में: मुंबई-गोवा तेजस एक्सप्रेस में खाना खाने के बाद 26 यात्री फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए थे।

अधिकारियों का कहना है कि लिमिटेड स्टाफ, किचन की कम जगह और कम समय में तरह-तरह की डिशेज तैयार करना ऑपरेशन्स के लिहाज से एक बड़ी चुनौती होता है।

सफल रहा तो दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी बदलेगा मेन्यू

IRCTC फिलहाल यात्रियों के फीडबैक और इस नए सिस्टम के नतीजों का रिव्यू कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर यह पायलट प्रोजेक्ट कामयाब रहता है, तो लिमिटेड मेन्यू का यह फॉर्मूला सभी लंबी दूरी की ट्रेनों में लागू किया जा सकता है।

फिलहाल वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी कुछ प्रीमियम ट्रेनों के साथ-साथ कुछ एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में खाना सप्लाई करने के लिए क्लाउड किचन ऑपरेटर्स को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। इस नई व्यवस्था को आगे बढ़ाने का फैसला ट्रायल के नतीजों के आधार पर ही लिया जाएगा।

वंदे भारत ट्रेनों में नया मेन्यू लागू, खाने के ऑप्शंस घटे

Share