Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

समाधान दिवस में अधिकारियाें ने फरियादियों की समस्याओं पर लिया त्वरित एक्शन

फरियादियों की समस्या सुनते तहसील चुनार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा।

मीरजापुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शासन के निर्देशानुसार जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। तहसील चुनार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील चुनार में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सात मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष जांच के बाद शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस प्रभावी ढंग से आयोजित किया गया। तहसील लालगंज में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में 63 प्रार्थना पत्रों में से तीन का निस्तारण किया गया। तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में प्राप्त 50 प्रकरणों में से पांच का समाधान हुआ। वहीं सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता की अध्यक्षता में 81 प्रार्थना पत्रों में से 11 का निस्तारण किया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, विकास एवं अन्य विभागों से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी शेष शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *