
फर्रुखाबाद, 8 दिसंबर (Udaipur Kiran) . राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत श्रीराम शाखा के स्वयंसेवक घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं. इसी क्रम में साेमवार काे स्वयंसेवक लालाराम दुबे के निवास स्थान पर पहुंचे और उनसे शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की.
लालाराम दुबे ने बताया कि वह लगभग 50 वर्षों से संघ के संपर्क में हैं और समय-समय पर संगठन के कार्यों में भाग लेते रहे हैं. वह प्रति वर्ष गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में शामिल हाेकर सहयोग करते हैं. उन्होंने संघ की गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए तथा स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया.
अभियान के दौरान स्वयंसेवक ओम प्रकाश गुप्ता के घर भी पहुंचे और संघ के 100 वर्षों की यात्रा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की. बातचीत से प्रभावित होकर उन्होंने शाखा में नियमित रूप से आने का भरोसा दिया.
श्रीराम शाखा के विजय अवस्थी ने बताया कि यह जनसंपर्क अभियान लोगों को संघ के कार्यों से करीब से जोड़ने का माध्यम है. स्थानीय स्तर पर यह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और स्वयंसेवक समाज के विभिन्न वर्गों में पहुंचकर संघ के शताब्दी वर्ष के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी साझा कर रहे हैं. उनके साथ कैलाश मिश्रा सहित अन्य स्वयंसेवक भी मौजूद रहे.
—————-
(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar
