Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

किसान दिवस में डीएम ने अन्नदाताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

फोटो

औरैया, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बुधवार काे आयोजित किसान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अन्नदाताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब किसान समस्या मुक्त और खुशहाल होगा, तभी फसलों की उत्पादकता में वृद्धि संभव है और जनपद की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

जिलाधिकारी ने कृषि से जुड़े सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसान दिवस के माध्यम से प्रभावी ढंग से दी जाए। इसके लिए फ्लैक्सी, पोस्टर, बैनर एवं पम्पलेट के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर किसानों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसान दिवस में सभी संबंधित विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, अन्यथा अनुपस्थिति की स्थिति में कार्यवाही की जाएगी।

नहरों व रजवाहों की सिल्ट सफाई में अनियमितता की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने जांच कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मूंग व बाजरा खरीद में अनियमितता की शिकायत पर जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

आवारा गोवंशों से फसल क्षति की समस्या पर डीएम ने 15 दिन का विशेष अभियान चलाकर गोवंशों को गोशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 8445561780 है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *