पुपुंनकी आश्रम में पुलिस से बदसलूकी और पथराव

बोकारो, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुपुंनकी आश्रम परिसर में रविवार देर रात पुलिस के साथ बदसलूकी, हाथापाई और पथराव की घटना सामने आई।
यह घटना बाबा मुनि की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम को देखते हुए एहतियातन मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
घटना की पुष्टि करते हुए चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग जबरन वाहनों को रोक रहे थे। पुलिस की ओर से समझाने और यातायात सुचारू रखने का प्रयास किया गया, लेकिन इस पर कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हाथापाई और पथराव तक पहुंच गया।
इस घटना में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी सहित एक सिपाही घायल हो गया। हालांकि सभी को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा सके। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुपुंनकी आश्रम और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार



