Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

Photo

बोकारो, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरला थाना क्षेत्र में एक दिसंबर को हुई बुजुर्ग दंपती की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों ओमप्रकाश कुमार उर्फ ललुआ और उसके सहयोगी रामचन्द्र कुमार उर्फ बिद्ध को गिरफ्तार कर लिया है। जोशी कॉलोनी गेट संख्या-03 में महावीर साव (70) और उनकी पत्नी कौशल्या देवी (65) की ईंट और चाकू से हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को एसपी हरविंदर सिंह ने एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपितों से पूछताछ में हत्या की वजह व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश सामने आई।

एसपी ने बताया कि मृतक दंपती चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे, जबकि ठीक सामने ओमप्रकाश भी चाय-नाश्ते की दुकान लगाता था। ग्राहकों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। ओमप्रकाश इसी मनमुटाव को लेकर दंपती से रंजिश रखने लगा था। घटना की रात ओमप्रकाश और उसका साथी रामचन्द्र शराब के नशे में थे और नशे की हालत में ही उन्होंने बुजुर्ग दंपती पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से खून से सना चाकू, खून लगी ईंट, घटना के समय पहने गए कपड़े और मृतक दंपती का टूटा की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले के उद्भेदन के लिए सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था। प्रेस वार्ता में हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *