Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

छात्र की मौत पर बीएचयू साउथ कैंपस में उबाल, छात्रों का प्रदर्शन जारी

सड़क पर बैठ प्रदर्शन करते छात्र।
मृत छात्र अनिल मीणा की फाइल फोटो।

– मुआवजा व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उठी मांग

मीरजापुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बरकछा स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के राजीव गांधी दक्षिण परिसर में कृषि विभाग के छात्र अनिल मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद छात्रों का आक्रोश थम नहीं रहा है। बुधवार को सड़क जाम हटाया गया, लेकिन परिसर में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।

राजस्थान निवासी अनिल मीणा बीते तीन दिनों से बीमार थे। छात्रों के अनुसार उन्होंने हेल्थ सेंटर में सीने में दर्द की शिकायत की, लेकिन तैनात चिकित्सक ने केवल पैरासिटामोल देकर उन्हें लौटा दिया। बाद में हालत बिगड़ने पर छात्रों के दबाव में उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार को मुख्य गेट पर सड़क जाम कर दिया था। जाम हटने के बावजूद छात्र-छात्राएं परिसर में धरना देते हुए बीएचयू प्रशासन से जमीनी सुधार की मांग पर अड़े हुए हैं।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने परिसर के हेल्थ केयर सेंटर की बदहाली को मौत का बड़ा कारण बताया। उनका कहना है कि यहां आयुर्वेदिक चिकित्सक गंभीर मरीजों को भी साधारण दवा देकर वापस भेज देते हैं।

विभागाध्यक्ष प्रो. वीके मिश्र छात्रों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों को उचित बताते हुए कहा कि परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मांगें उच्च प्रशासन तक पहुंचाई जाएंगी।

जाम हटने से पहले लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए वाहनों को चुनार मार्ग से डायवर्ट कर रास्ता सुचारु कराया। फिलहाल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखे हुए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *