Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

अलग चंबल प्रदेश की मांग पर रवीन्द्र सिंह तोमर ने भरी हुंकार

फोटो

औरैया, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । किसान नौजवान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रवीन्द्र सिंह तोमर ने अलग चंबल प्रदेश बनाने की मांग को लेकर हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के कुछ जिलों को जोड़कर तथा उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को मिलाकर नया चंबल प्रदेश बनाया जाना चाहिए।

रवीन्द्र सिंह तोमर रविवार को उत्तर प्रदेश के इटावा/औरैया के जिले के सीमा से सटे गांव ग्राम गौहानी, गनियावर और बंसरी में आयोजित बैठकों में शामिल हाेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से जनसमर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित है। आजादी के 78 वर्ष बीतने के बावजूद चकरनगर पार पट्टी का इलाका अब भी आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि सेंचुरी क्षेत्र की जमीन पर रोक लगने से न तो उद्योग-धंधे लग पाए हैं और न ही यहां अच्छे विद्यालय स्थापित हो सके हैं। लाखों बीघा भूमि बेकार पड़ी है, जिसका उपयोग किसानों और स्थानीय लोगों के हित में किया जाना चाहिए।

उन्हाेंने यह भी कहा कि सरकार को चाहिए कि चंबल और यमुना नदी से रेत उठवाने की व्यवस्था करे। इससे जहां नदियों की सफाई होगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। फिलहाल इस इलाके के नौजवान बड़ी संख्या में दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों में मजदूरी करने को मजबूर हैं।

किसानों की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गौशालाएं होने के बावजूद छुट्टा जानवर किसानों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। सरकार यदि चाह ले तो सेंचुरी की जमीन पर बड़ी काउ सफारी बनवाकर किसानों को इस परेशानी से निजात दिला सकती है।

पूर्व विधायक ने साफ कहा कि अब चुप बैठना संभव नहीं है। यदि जनता साथ दे तो बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिसकी गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई देगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष क्षेत्रपाल सिंह तोमर, महाबल सिंह चौहान, बालमुकुंद सिंह, राजेश सिंह चौहान बबलू, तेजेंद्र सिंह चौहान, संतोष पाण्डेय, नारायण सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *