औरैया में एसआईआर और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की हुई समीक्षा

औरैया, 04 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने गुरुवार को जूम मीटिंग के माध्यम से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर), डुप्लीकेट मतदाता कार्यक्रम तथा शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर कार्यक्रम के तहत मैपिंग का शेष कार्य बूथवार समीक्षा करते हुए शीघ्र पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि यदि किसी बूथ पर मृतक, स्थानांतरित या अन्यत्र स्थायी रूप से निवास करने वाले मतदाताओं का प्रतिशत निर्धारित सीमा से अधिक है, तो उसकी गहन समीक्षा कर सही डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय दायित्वों, योजनाओं और शासन द्वारा संचालित कार्यक्रमों को समयबद्ध और जिम्मेदारी से पूरा किया जाए, जिससे किसी प्रकार की शिथिलता या शिकायत की स्थिति न बने।
जिलाधिकारी ने लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने, आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण व निष्पक्ष तरीके से समय सीमा में निस्तारित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतुष्टि प्रतिशत में सुधार के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें। फार्मर रजिस्ट्री कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराने हेतु डीएम ने आमजन में अधिकाधिक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य निर्धारित समय में सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।
(Udaipur Kiran) कुमार



