Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

शिवपुर तरना ओवरब्रिज पर सड़क हादसा: पूर्व प्रधान के बेटे की मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया चक्काजाम

दुर्घटना स्थल पर जुटे लोगों की भीड़

वाराणसी, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के शिवपुर क्षेत्र स्थित तरना ओवरब्रिज के अंतिम छोर पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मार्निग वॉक कर रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने भेल के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे बाबतपुर एयरपोर्ट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया।

बड़ागांव क्षेत्र के भेलखा गांव निवासी पूर्व प्रधान नंदलाल यादव के पुत्र अनीश यादव उर्फ मोनू (30) रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपने साथी के साथ लगभग पांच बजे मार्निग वॉक के लिए तरना ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। दोनों ओवरब्रिज के शुरुआती छोर तक टहलने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ढलान के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मोनू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह हवा में उछलकर डिवाइडर पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ चल रहे आकाश के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि वह कुछ समझ ही नहीं पाया। कुछ देर बाद संभलकर उसने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी पाकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो मोनू का शव देखकर चीख—पुकार मच गई।

—फुटपाथ पर कब्जे को बताया हादसे का कारण

ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरब्रिज के पास फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा ठेला लगाने और चादर बिछाकर सामान बेचने से पैदल चलने वालों को सड़क पर चलने की मजबूरी होती है। इसी कारण मोनू हादसे का शिकार हुआ। लोगों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का भी आरोप लगाया।

शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि दुर्घटना में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार में कोहराम, पत्नी बेहोश

परिजनों ने बताया कि मोनू की शादी दो साल पहले निशा यादव से हुई थी और उसकी आठ महीने की एक बेटी है। हादसे की जानकारी मिलते ही निशा बेहोश हो गई। मोनू की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *