Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

माघ मेला सकुशल सम्पन्न कराने की मंगल कामना के साथ संत-महात्माओं, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया गंगा पूजन

गंगा पूजन करते अधिकारीगण

–स्वच्छ, सुगम, सुलभ, सुरक्षित एवं भव्य रूप से माघ मेला सम्पन्न कराया जायेगा : मण्डलायुक्त

प्रयागराज, 02 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । पतित पावनी गंगा-यमुना-सरस्वती के त्रिवेणी संगम के पावन तट पर मंगलवार को माघ मेला के सकुशल सम्पन्न होने की मंगल कामना हेतु मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मेलाधिकारी पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा व अन्य अधिकारियों द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ गंगा पूजन किया गया। मां गंगा से माघ मेला सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने की कामना की गयी।

गंगा पूजन के पश्चात मण्डलायुक्त ने मीडिया से कहा कि आज गंगा पूजन सम्पन्न हुआ है। आज से भूमि का आवंटन प्रारम्भ हो रहा है। सरकार की मंशा अनुरूप स्वच्छ, सुगम, सुलभ, सुरक्षित एवं भव्य रूप से माघ मेले का आयोजन सम्पन्न कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन 7 सेक्टरों में 800 हेक्टेयर में भूमि का आवंटन किया जायेगा। इस बार माघ मेले में लगभग 15 करोड़ लोगो के आने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि पुराने अनुभवों से सीख लेकर इस बार कुछ नए प्रयोग भी किए जा रहे है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के सुगमता के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को कम से कम चलना पड़े, पार्किंग व्यवस्था अच्छी हो, भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाने, टै्रफिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू करने, नेटवर्किंग की अच्छी व्यवस्था सहित अन्य सभी कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि संत-महात्माओं की उपस्थिति में गंगा पूजन सम्पन्न हुआ है। मां गंगा से यह प्रार्थना की गयी है आगामी माघ मेले का आयोजन सकुशल, निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत बेहतर भीड़ प्रबंधन, टै्रफिक, माघ मेले क्षेत्र के अंदर की व्यवस्थाओं पर सम्बंधित विभागों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा गया है। बाहर से आने वाले रास्तों पर पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें की जा रही है।

माघ मेलाधिकारी ऋषिराज ने कहा कि माघ मेले को सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराया जायेगा। सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत अपने विभाग से सम्बंधित कार्यों को पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए गए है। इस दौरान श्री बड़े हनुमानजी मंदिर के श्रीमहंत बलवीर गिरि महाराज, अन्य संत-महात्माओं के साथ महापौर गणेश केसरवानी ने भी मां गंगा का पूजन किया। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण, तीर्थ पुरोहित एवं धर्माचार्यों के अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *