Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
BIHAR

जहानाबाद में सारण के वेटलिफ्टर्स का जलवा रणवीर और सनी ने जीता स्वर्ण

खेल
खेल

सारण, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जहानाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में सारण जिले की टीम ने अपने ऐतिहासिक और उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल जगत को गौरवान्वित किया है।

जिले के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और फौलादी इरादों के दम पर विभिन्न श्रेणियों में कुल चार महत्वपूर्ण पदक जीतकर सारण का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। प्रतियोगिता के दौरान सारण के युवाओं ने मंच पर जबरदस्त दमखम दिखाया। रणवीर कुमार ने 60 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 90 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम का वजन उठाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें स्वर्ण पदक का हकदार बनाया। वहीं 65 किलोग्राम जूनियर वर्ग में सनी कुमार का दबदबा रहा।

सनी ने स्नैच में 98 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 131 किलोग्राम भार उठाकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीनियर वर्ग में भी सारण के खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 65 किलोग्राम सीनियर वर्ग में प्रियांशु कुमार ने कड़े मुकाबले के बीच स्नैच में 100 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 128 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया।

महिला वर्ग में भी सारण की बेटियों ने अपनी ताकत का परिचय दिया। जूनियर 48 किलोग्राम श्रेणी में अनुष्का कुमारी ने स्नैच में 43 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 53 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता और यह साबित कर दिया कि जिले की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। टीम की इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे कोच और प्रबंधन की कड़ी मेहनत रही।

टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी अर्चना श्रीवास्तव ने संभाली, जबकि कोच सूरज कुमार, नेहा कुमारी और गुलशन कुमार के सटीक मार्गदर्शन और तकनीकी प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खेल जगत की हस्तियों ने खुशी जाहिर की है।

सुरेश प्रसाद सिंह, अभय कुमार, देवेश चंद्र राय एवं डॉ. शशिकांत पाराशर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सारण के खिलाड़ियों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस सफलता से स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के परिवारों में जश्न का माहौल है। सभी ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत करने की तैयारी की है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *