Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

घने कोहरे के चलते वाराणसी में कक्षा 5 तक के विद्यालय बंद

सुबह आठ बजे कोहरे का नजारा

वाराणसी,23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद सहित पूर्वांचल के अन्य जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। पूर्वांचल के सभी ज‍िलों में मंगलवार को पूर्वांह 9 बजे के बाद भी छाए घने कोहरे से जनजीवन की रफ्तार थमी रही और 10 बजे तक लोगाें काे वाहनों की हेडलाइट जलाकर सड़काें पर निकलते दिखे। वाराणसी जनपद में घना कोहरा, शीतलहर को देख कक्षा 5 तक के सभी माध्यमों के विद्यालयों को बुधवार तक के लिए

बंद रखने का निर्देश जारी किया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार की देर रात यह आदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए वाराणसी के सभी स्कूलों में मंगलवार से कक्षा-5 तक की कक्षाओं को अगली सूचना तक स्थगित करने का आदेश जारी किया गया है।

बीएसए ने बताया कि अगले कुछ दिनों में मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है। आदेश सभी बोर्ड के स्कूलों के प्री-प्राइमरी से कक्षा-5 तक की कक्षाओं पर लागू होगा। इस दौरान निर्वाचन कार्य में शामिल सभी शैक्षणिक स्टाफ को अनिवार्य रूप से ड्यूटी पर पहुंचना होगा।

बीते सोमवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम रहा। हालांकि पूर्वांह बाद सूर्यदेव ने दर्शन भी दिया, लेकिन गलन और सर्द हवाएं लोगों को सताती रही। पूर्वांह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर चहल पहल दिख रही है। बीते 24 घंटों में पारा लगभग स्‍थ‍िर रहा है लेक‍िन अध‍ि‍कतम तापमान में कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले द‍िनों में गलन और सताएगी।

काेहरे में वाहनाें की टक्कर, एक की माैत

उधर, घने कोहरे के चलते सड़क हादसे भी बढ़ने लगे हैं। मंगलवार तड़के घने कोहरे में लोहता थाना क्षेत्र के खेवशीपुर रिंग रोड पर डीसीएम वाहन सड़क किनारे खड़ी डंपर से टकरा गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 112 की पुलिस के साथ कोटवां पुलिस चौकी प्रभारी भी पहुंचे। चौकी प्रभारी ने गंभीर रूप से घायल डीसीएम चालक को एंबुलेंस से पांडेयपुर स्थित पं.दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *