Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

रिश्तेदारी से लौटते समय सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत छह घायल, वाराणसी रेफर

प्रतीकात्मक फोटो

– कठेरवा मोड़ पर हुआ हादसा, चालक फरार

मीरजापुर, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । चुनार कोतवाली अंतर्गत सीखड़ क्षेत्र के कठेरवा मोड़ के पास रविवार शाम करीब सात बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक मालवाहक वाहन और सवारी ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी ऑटो पलट गई और इसमें सवार एक किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही मालवाहक ऑटो अनियंत्रित होकर सवारी ऑटो में जा भिड़ी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल किशोर की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घायल वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार देईपुर निवासी ओम प्रकाश (55) अपनी पत्नी प्रियंका (50), ममता (35), निक्की (12) और दो अन्य महिलाओं के साथ चुनार कोतवाली क्षेत्र के मवैया गांव के सुनील कुमार के घर रिश्तेदारी में आए थे। सभी देर शाम ऑटो से घर लौट रहे थे कि कठेरवा मोड़ के पास तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।

घटना के बाद मालवाहक वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल किशोर समेत सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

कोतवाल चुनार विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *