Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

16 चक्का ट्रक से 96 लाख रुपये कीमत के डोडा चूरा और अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

16 चक्का ट्रक से 96 लाख रुपये कीमत के डोडा चूरा और अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

जयपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की विशेष टीम की सूचना पर नसीराबाद इलाके में पुलिस ने नाकाबंदी कर एक 16 चक्का ट्रक को जब्त किया। जिसमें 93.75 लाख रुपये कीमत का 625 किलो से अधिक डोडा चूरा और लगभग 3 लाख रुपये की 645 ग्राम अफीम बरामद की गई है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि टीम को सूचना मिली कि नोखा निवासी ट्रक चालक आईदान राम लगातार मध्य प्रदेश से भारी मात्रा में डोडा चूरा की तस्करी कर रहा है। जिसकी तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर पुष्टि हुई कि आरोपित तस्कर भारी खेप लेकर अजमेर के नसीराबाद इलाके में आने वाला है। सूचना की पुष्टि होते ही नसीराबाद थाना पुलिस को अलर्ट किया गया और तुरंत नाकाबंदी कराई गई। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। ट्रक के अंदर 36 कट्टों में छिपाकर रखा गया 625 किलो 600 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अलावा ट्रक ड्राइवर के पास से 645 ग्राम अफीम भी जब्त की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी तस्कर आईदान राम जाट (47) पुत्र गंगाराम निवासी नोखा बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल कीमत बाजार में करीब 96 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस द्वारा अब इस अवैध कारोबार की फंडिंग, खरीद-फरोख्त और तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में एजीटीएफ के हेड कांस्टेबल महेश सोमरा और महावीर सिंह की विशेष भूमिका रही, वहीं एएसआई शंकर दयाल शर्मा का तकनीकी सहयोग रहा। इस टीम में शामिल एसआई प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल हेमन्त शर्मा और कांस्टेबल देवेन्द्र, जितेंद्र, गंगाराम, गोपाल धाभाई, विजय और चालक दिनेश शर्मा का भी सराहनीय सहयोग रहा। थाना नसीराबाद पुलिस के अलावा बीकानेर के नोखा में तैनात कांस्टेबल तेजाराम कि इस कार्रवाई में तकनीकी और विशेष भूमिका रही।

—————

(Udaipur Kiran)

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *