Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

थावे शक्तिपीठ पहुंचे प्रधान सचिव सीके अनिल, पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

प्रधान सचिव

गोपालगंज, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

बिहार के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में थावे दुर्गा मंदिर में रविवार को बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर में मां थावे भवानी के दर्शन कर उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। प्रधान सचिव के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, उप विकास आयुक्त निशांत विवेक सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रधान सचिव ने मंदिर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि थावे दुर्गा मंदिर न केवल गोपालगंज बल्कि पूरे बिहार और पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

हाल के दिनों में थावे दुर्गा मंदिर परिसर में चोरी की एक घटना सामने आई थी, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसी पृष्ठभूमि में प्रधान सचिव सीके अनिल का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों से मौजूदा इंतजामों की जानकारी प्राप्त की।

प्रधान सचिव ने निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर निगरानी तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्रों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे स्थलों पर होने वाली किसी भी अप्रिय घटना न केवल कानून-व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि जनभावनाओं को भी आहत करती है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को समय-समय पर मजबूत किया जाना आवश्यक है।

प्रधान सचिव के इस दौरे और प्रशासनिक पहल से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में संतोष देखा गया। मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने भी उनके आगमन और दिए गए आश्वासनों का स्वागत किया। लोगों को उम्मीद है कि अब थावे दुर्गा मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाएं पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ होंगी, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर मां थावे भवानी के दर्शन कर सकेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / Akhilanand Mishra

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *