Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी के सामने पहुंचे फरियादी ने खुद पर छिड़का पेट्रोल

खुद पर पेट्रोल डालने वाला युवक बउवन

-बोला, सुनवाई न होने के चलते उठाना पड़ा यह कदम, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद के दक्षिण जोन की नरवल तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की सुनवाई दौरान पहुंचे एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। चिल्लाते हुए बोला सर, हमारी कोई नहीं सुन रहा है। आज हम अपनी जान दे देंगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से जकड़ लिया। ऐसे में वह बोलता रहा कि साहब प्रशासन से लेकर पुलिस तक कोई नहीं सुनता, इसलिए न्याय पाने के लिए अपनी मां को लेकर दर-दर भटक रहा हूं।

नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत करबिगवां गांव का रहने वाला रणजीत उर्फ बउवन ने बताया कि मैं अपने दो भाइयों राकेश और रणधीर के साथ रहता हूं। पिता महावीर का पांच साल पहले निधन हो चुका है। भाइयों के अलावा घर मे बुजुर्ग मां रानी देवी भी हैं। पड़ोसी अभय सिंह, सतेंद्र और अखिलेश सिंह द्वारा मेरे घर की नाली में सीमेंट भरकर उसे पक्का कर दिया गया है। जिसके चलते मेरे कच्चे मकान में नाली का गंदा का पानी भर रहा है। यही चलता रहा तो बारिश के समय हमारा कच्चा घर भी गिर सकता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले की शिकायत एसडीएम से लेकर सीएम पोर्टल तक कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसके चलते आज मैं पेट्रोल लेकर सम्पूर्ण समाधान दिवस पर पहुंच गया। वहीं पीड़ित रानी देवी ने बताया कि पड़ोसी इतने दबंग है कि उन्होंने मेरे साथ भी मारपीट की है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सुनवायी न होने का हवाला देते हुए युवक ने पेट्रोल डाल लिया था। हालांकि समय रहते उसे पकड़ लिया गया। जांच में एक तथ्य यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ साल 2017 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। यह कृत्य देखकर ऐसा लगता है कि युवक ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से पेट्रोल डाला था जिसकी जांच की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *