Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BIHAR

छपरा शहर के प्राचीन और प्रसिद्ध धर्मनाथ मंदिर में से दो दान पात्र और आभूषण की चोरी

छपरा शहर के प्राचीन और प्रसिद्ध धर्मनाथ मंदिर में हुई चोरी

पटना, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सारण जिले के छपरा शहर के प्राचीन और प्रसिद्ध धर्मनाथ मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर मंदिर के दान पात्र में रखी नकदी के साथ-साथ मूर्तियों के आभूषण भी चुरा ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार की अहले सुबह उस समय हुई, जब पुजारी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।

पुजारी ने मंदिर परिसर में दान पात्र को बिखरा हुआ पाया, जिसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में चोरी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने साक्ष्य संकलन के लिए डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की। फोरेंसिक टीम द्वारा संभावित सुरागों को सुरक्षित किया गया है, वहीं डॉग स्क्वाड के माध्यम से चोरों के भागने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया गया।

घटना के संबंध में पुजारी शंकर बाबा ने बताया कि सुबह 4 बजे मंदिर पहुंचे तो दान पेटी गायब और दरवाजा का ताला टूटा हुआ देखें। जिसके बाद सभी को सूचना दी। चोरों के द्वारा मंदिर की दो दान पेटी को तोड़कर उनमें रखा रुपया चुराया गया है, एक दान पेटी को दक्षिण द्वार तक ले जाकर उसमें से पैसे निकाल लिए गए हैं। मंदिर के अन्य पुजारी कृष्ण मुरारी तिवारी ने बताया कि शंकर बाबा ने उन्हें फोन पर सूचना दी जिसके बाद 112 को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँच जांच की।

मंदिर के महंत अखिलेश्वर पर्वत ने कहा कि मंदिर के गर्भ गृह और प्रांगण में स्थित दो दान पात्र को तोड़ कर रुपये निकाल लिए गए हैं। साथ ही मंदिर परिसर में स्थित दुर्गा माता के मंदिर से माता की प्रतिमा के सोने के आभूषण, नाक का नथिया, कान का झुमका, माथा का मंग टीका और चांदी का हार, छतर चुरा लिया गया है। उन्होंने बताया कि वे खेतीबाड़ी के सिलसिले में भक्त के यहाँ गए हुए थे। मंदिर की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि सीसीटीवी है, उससे चोरों का पता लग सकता है। उन्होंने बताया कि मंदिर में विगत चार दिन से वे महंत नियुक्त हुए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष स्वयं धर्मनाथ मंदिर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मामले की त्वरित व गहन जांच के आदेश दिए। एसएसपी ने कहा कि मंदिर में लगे आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *