Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

औरैया में स्मार्ट मीटर लगाने का व्यापारियों ने किया विरोध, वार्ता के बाद बनी सहमति

फोटो

-केबल बदलने पर बनी सहमति, अधिकारियों ने पहुंच कर दिया आश्वासन।

औरैया, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के सदर बाजार क्षेत्र में आज साेमवार काे स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम का व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया। व्यापारियों का कहना था कि यदि स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं तो उनके साथ पुरानी केबल भी बदली जाए अन्यथा भविष्य में केबल में कट या खराबी के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जा सकता है।

व्यापारियों के अनुसार उन्होंने जब स्मार्ट मीटर के साथ केबल बदले जाने की मांग रखी तो विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर द्वारा आपत्तिजनक रवैया अपनाते हुए सभी की विद्युत लाइन काटने की धमकी दी गई। इस धमकी से आक्रोशित व्यापारियों ने एकजुट होकर उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए काम रुकवा दिया।

मामले की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। बातचीत के दौरान व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में नहीं हैं लेकिन पुरानी और जर्जर केबल के रहते स्मार्ट मीटर लगाए जाने से भविष्य में अनावश्यक परेशानियां बढ़ेंगी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बबलू बाजपेयी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यापारियों की बात अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखी। उनके हस्तक्षेप के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार केबल भी बदली जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि बिजली विभाग के मीटर एसडीओ, मीटर जेई एवं शहरी क्षेत्र के एसडीओ अजय यादव मौके पर पहुंचे और उन्होंने मीटर के साथ केवल बदली जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करा दी। इसके बाद व्यापारियों का आक्रोश शांत हुआ। इस मौके पर मुख्य रूप से व्यापारी संजीव वर्मा, अमर बिश्नोई, माधव मराठा, रानू पांडे, मुन्ना गहोई, मलखान सिंह, स्वतंत्र अग्रवाल, मयंक शुक्ला, टीटू वर्मा के अलावा आधा सैकड़ा से अधिक व्यापारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *