Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बांदा में सर्दी का सितम, दो किसानों ने तोड़ा दम

फाइल फोटो

बांदा, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। भीषण ठंड के चलते अलग-अलग स्थानों पर दो किसानों की मौत हो गई। एक किसान खेत में सिंचाई करते समय ठंड की चपेट में आ गया, जबकि दूसरे किसान की घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

कमासिन थाना क्षेत्र के पछौहा गांव निवासी 63 वर्षीय रामसजीवन पुत्र रामप्रताप शनिवार रात गेहूं की फसल की सिंचाई करने खेत गया था। इसी दौरान तेज ठंड के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। वह कांपता हुआ घर पहुंचा, जहां परिजनों ने घरेलू उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन ले जाया गया। वहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे बुद्धराज ने बताया कि रामसजीवन के पास लगभग पांच बीघा कृषि भूमि थी और वह खेती-किसानी से ही परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक अपने पीछे पत्नी भूलू और दो पुत्रों को छोड़ गया है।

वहीं, देहात कोतवाली क्षेत्र के छनेहरा गांव निवासी 55 वर्षीय भइयालाल पुत्र टिरूवा रविवार दोपहर घर पर ही था, तभी अचानक उसे ठंड लगने के साथ पेट में तेज दर्द होने लगा। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव को घर ले गए। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. पी.के. गुप्ता ने रविवार को बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण भइयालाल को हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *