Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

वाराणसी: राजघाट मालवीय पुल पर 13 जनवरी तक वाहन प्रतिबंधित, पैदल आवाजाही की अनुमति

राजघाट पुल पर पैदल आते—जाते लोग
राजघाट पुल पर मरम्मत कार्य

मरम्मत कार्य के चलते लिया गया निर्णय, सामने घाट व विश्वसुंदरी पुल पर बढ़ा यातायात दबाव

वाराणसी, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) से सटे जनपद चंदौली और बिहार को जोड़ने वाले गंगा नदी पर बने राजघाट स्थित मालवीय पुल पर मंगलवार रात से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुल के ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के मद्देनज़र सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन के अनुसार 23 दिसंबर से 13 जनवरी तक पुल पर केवल पैदल चलने वालों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। मालवीय पुल के बंद होने से वाराणसी, चंदौली और बिहार की ओर आवाजाही करने वाले लाखों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों रामनगर सामनेघाट पुल और विश्वसुंदरी पुल से गुजरना पड़ रहा है, जिससे इन पुलों के साथ-साथ रामनगर कस्बे में भी यातायात का दबाव बढ़ गया है।

वाराणसी यातायात विभाग के एसीपी ओमवीर सिंह सिरोही ने बुधवार काे बताया कि मरम्मत अवधि में मालवीय पुल पर दोपहिया समेत सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल पैदल यात्रियों को ही पुल से गुजरने की अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि रामनगर सामनेघाट पुल से केवल दोपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा, हल्के चार पहिया वाहन, एंबुलेंस और शव वाहन ही आवागमन कर सकेंगे। मरम्मत कार्य के दौरान ट्रॉमा सेंटर चौराहा और मालवीय चौराहा पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए विश्वसुंदरी पुल और डाफी टोल प्लाजा के बीच स्थित लौटूबीर अंडरपास पर बैरियर लगाया जाएगा, ताकि बीएचयू ट्रॉमा सेंटर आने वाले मरीजों को जाम से राहत मिल सके।

डायवर्जन व्यवस्था लागू

यातायात एसीपी ओमवीर सिंह सिराेही ने बताया कि मालवीय पुल पर मरम्मत कार्य के चलते चंदौली से वाराणसी और इसी रास्ते से वापस आने-जाने वाले हल्के व भारी मालवाहक और बसें रामनगर चौराहा से टेंगरामोड़, विश्वसुंदरी पुल, डाफी टोल प्लाजा होते हुए अमरा अखरी, मोहन सराय और चंदौली-पंचपेडवा रिंग रोड के माध्यम से वाराणसी शहर में प्रवेश करेंगी। रामनगर से वाराणसी शहर के बीच चलने वाले बड़े चार पहिया वाहन, स्कूल बसें, इलेक्ट्रिक बसें, टेंपो, ट्रैवलर तथा हल्के व भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन विश्वसुंदरी पुल से होगा। वाराणसी जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग प्रदान करें।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *