Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

हिंदू उत्पीड़न के खिलाफ विहिप ने बांग्लादेश सरकार का फूंका पुतला

कलेक्टर पर बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन करते विहिप कार्यकर्ता।

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में सोमवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्टरेट पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आक्रोश जताते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शन हिंदुओं पर हो रही हत्याओं, लूटपाट तथा मठों व मंदिरों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं के विरोध में किया गया।

प्रदर्शन के दौरान विहिप कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे विहिप नेता रामचंद्र शुक्ल ने कहा कि बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद से हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं की हत्या, घरों और प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ व लूटपाट तथा धार्मिक स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, जो गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन है।

रामचंद्र शुक्ल ने भारत-बांग्लादेश विभाजन के समय अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सम्मान की दी गई गारंटी का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान हालात उस ऐतिहासिक वादे के ठीक विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक पहचान के कारण हिंदुओं को निशाना बनाया जाना किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य है। इसी आक्रोश के बीच विहिप कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के कार्यकारी प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग उठाई।

विहिप नेताओं ने केंद्र सरकार से कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि यदि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो संगठन देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि मौके पर मौजूद प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

प्रदर्शन में महेश तिवारी, देव प्रकाश पाठक, लक्ष्मीकांत पांडेय, पूनम केसरी, पवन कुमार, सुब्रत गुप्ता, राज माहेश्वरी, माता सहाय, संतोष मिश्र, राजीव द्विवेदी, विद्या भूषण सहित बड़ी संख्या में विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *