Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

ग्रामीण क्षेत्रों के हर कोने तक पहुंचेगी पानी की लाइन : रविंद्र इंद्राज

समाज कल्याण मंत्री ने शुक्रवार को बवाना की विजय कॉलोनी में पानी की नई लाइनों के बिछाने के कार्य की शुरूआत करते हुए

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के हर कोने तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए जहां-जहां पुरानी और जर्जर पानी की लाइनें हैं, उन्हें बदला जाएगा और अब तक छूटे रह गए इलाकों में नई पानी की लाइनें बिछाई जाएंगी।

समाज कल्याण मंत्री ने शुक्रवार को बवाना की विजय कॉलोनी में पानी की नई लाइनों के बिछाने एवं लगभग 30 वर्ष पुरानी जर्जर लाइनों को बदलने के कार्य का स्थानीय निवासियों के साथ शुभारंभ किया। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ आगामी 31 जनवरी तक पूरा करें। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विजय कॉलोनी के निवासियों को गंदे पानी की आपूर्ति और बार-बार पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और लगभग 5,000 की आबादी को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नए वर्ष से क्षेत्र के लोगों को साफ, सुरक्षित और पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध होने लगेगा।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति योजनाओं को बनाते समय भविष्य की आवश्यकताओं, जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखा जाए, ताकि आने वाले वर्षों में दोबारा पानी की किल्लत न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण, पाइपलाइन रख-रखाव और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनहित से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, सड़क, सीवर और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और ग्रामीण क्षेत्रों, जे जे कॉलोनी एवं कॉलोनियों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *