Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी को राहत मिलने पर कार्यकर्ताओं में हर्ष,सरकार पर साधा निशाना

राघवेंद्र चौबे

वाराणसी, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी को न्यायालय से बड़ी राहत मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इस फैसले के बाद पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से इस मामले में कार्रवाई की।

वाराणसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की बदनीयती और गैरकानूनी तरीकों से की गई कार्रवाई आज अदालत में पूरी तरह से बेनकाब हो गई है। उन्होंने कहा कि अदालत ने यंग इंडिया (नेशनल हेराल्ड) मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को अवैध और दुर्भावना से ग्रसित करार दिया है। अदालत ने यह भी फैसला सुनाया कि ईडी का यह मामला उसके क्षेत्राधिकार से बाहर है, क्योंकि आरोपियों पर कोई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज ही नहीं की गई है। ऐसे में कोई मामला बनता ही नहीं।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र सरकार की यह कार्रवाई मुख्य विपक्षी दल के खिलाफ़ राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही थी, और अब अदालत ने इसे पूरी तरह से नकार दिया है। पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी इस राहत से उत्साहित नजर आए। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि यह मामला राजनीतिक प्रतिशोध का प्रतीक बन गया था, जिसे अब अदालत ने खारिज कर दिया है।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *