Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

विंध्य महाेत्सव मंच पर सजी सांस्कृतिक सुराें की शाम, स्वर लहरियाें से हुई मां विंध्यवासिनी की आराधना

मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार।

– लाले-लाले फुलवा के गजरा बनाके मैय्या श्रद्धा से करी ला पुकार हो…

मीरजापुर, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मां विन्ध्यवासिनी धाम विन्ध्याचल में चल रहे नव दिवसीय विन्ध्य महोत्सव के तहत मंगलवार को चित्र प्रदर्शनी और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, मण्डलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मां विन्ध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया।

विधायक रत्नाकर मिश्र ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विंध्याचल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार विंध्य क्षेत्र के विकास व संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें अधिकारों व लाभों से अवगत कराना है।

महोत्सव के मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथक कलाकार मनीष शर्मा की नृत्य प्रस्तुति ने तालियां बटोरी। अंतर्राष्ट्रीय लोकगीत व कजली गायिका उषा गुप्ता ने “लाले-लाले फुलवा के गजरा बनाके मैय्या श्रद्धा से करी ला पुकार हो…” देवी गीत प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। इसके अलावा संस्कृति निदेशालय की कल्पना गुप्ता, लोकगायिका रानी सिंह, सरोज देवी, कीर्ति और लोकगायक कौशल कुमार, रमापति पाल व शिवम कुमार ने देवी गीत व भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को विधायक, मण्डलायुक्त और जिलाधिकारी ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मंच संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव, जिला सूचना अधिकारी ओमप्रकाश उपाध्याय सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *