
शिमला, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Himachal Pradesh में कड़ाके की सर्दी तेजी से बढ़ रही है और मौसम का मिजाज इस तरह बदला है कि ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों की तुलना में कई मैदानी व निचले जिलों की रातें कहीं ज्यादा ठंडी हो गई हैं. बुधवार को जारी ताज़ा न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार राज्य के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में पारा शून्य से काफी नीचे लुढ़क गया, जिससे कई प्राकृतिक जलस्त्रोत जम गए हैं और सड़क किनारे बर्फीली परतें दिखने लगी हैं.
सबसे कम तापमान ताबो में -7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि कुकुमसेरी में -5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. ऊँचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी सर्दी चरम पर है. किन्नौर जिला के कल्पा में 1.8 डिग्री सेल्सियस और बजुआरा में 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
हैरानी की बात ये है कि राज्य के कई मैदानी और निचले जिलों ने शिमला को भी रात की ठंड में पीछे छोड़ दिया है. जहां राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं ऊना में 5.9 डिग्री, कांगड़ा में 5.5 डिग्री, बिलासपुर में 6.1 डिग्री, हमीरपुर में 4.2 डिग्री और मंडी में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
यानी इन जिलों में रातें शिमला की तुलना में अधिक ठंडी रहीं. इसके अलावा पालमपुर में 5.0 डिग्री, सुंदरनगर 2.9 डिग्री, भुंतर 2.4 डिग्री, धर्मशाला 7.4 डिग्री, सोलन 3.4 डिग्री, मनाली 2.7 डिग्री नाहन 10.1 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 9.8 डिग्री, नारकंडा 4.6 डिग्री, भरमौर 5.7 डिग्री, रेकांगपिओ 3.5 डिग्री, पौंटा साहिब 9.0 डिग्री, सराहन 5.1 डिग्री, देहरा गोपीपुर 6.0 डिग्री, नेरी 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
बीते 24 घण्टों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री का उछाल आया. राज्य में आज मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है. बिलासपुर में सुबह घना कोहरा रहा, जिससे दर्शयता गिरकर 100 मीटर दर्ज की गई.
मौसम विभाग ने 11 और 12 दिसंबर के लिए बिलासपुर और मंडी जिलों के निचले क्षेत्रों में सुबह-शाम घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है. कोहरा यातायात को प्रभावित कर सकता है और दृश्यता घटने का अनुमान है. विभाग के अनुसार 13 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा. वहीं 14 दिसंबर को उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा. 15 और 16 दिसंबर को भी प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.
इस बीच प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में लोग दिसंबर में होने वाली सीजन की पहली बर्फबारी का इंतज़ार कर रहे हैं. आमतौर पर दिसंबर के पहले पखवाड़े में इन स्थानों पर हिमपात शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार अब तक मौसम शुष्क रहने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों की उम्मीदें टिकी हुई हैं. राज्य में तापमान लगातार नीचे जा रहा है और जैसे-जैसे रातें लंबी हो रही हैं, ठंड का असर मैदानी इलाकों तक और गहरा रहा है.
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
