Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह के निवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन, जीतू पटवारी के खिलाफ एफआईआर

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह के निवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह के निवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान निवास के बाहर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। भोपाल की टीटी नगर थाना पुलिस ने बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के साथ करीब डेढ़ दर्जन किसान बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात की और भावांतर योजना, प्याज, धान सहित तमाम फसलों के सही दाम न मिलने को लेकर चर्चा की। चर्चा के बाद जीतू पटवारी ने कहा कि भावांतर योजना के जरिए पहले शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को ठगा था। अब एक बार फिर मध्य प्रदेश की सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि वे किसानों की समस्याओं को लेकर तत्काल कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा करने उनके बंगले पर जाएंगे।

जीतू पटवारी, किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शिवराज सिंह चौहान के बंगले की ओर रवाना हो गए। जैसे ही पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना मिली, उन्होंने रेड क्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने। पुलिस ने कई बार सड़कों पर वाहन खड़े कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जीतू पटवारी बार-बार पुलिस को चकमा देकर आगे बढ़ते रहे। करीब पांच बार पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे शिवराज सिंह के घर तक पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने जीतू पटवारी सहित चार-पांच नेताओं को घर के अंदर बुलाया और उनसे कुछ देर चर्चा की। इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बंगले के अंदर जाने की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ता कंधों पर अनाज की बोरियां रखे हुए थे। पुलिस ने जब उन्हें रोका तो हल्की झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान एक बोरी फट गई और अनाज सड़क पर बिखर गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शिवराज सिंह चौहान के घर के सामने ही सड़क पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे।

शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के बाद जीतू पटवारी वापस जाने लगे। इस दौरान उन्होंने बंगले के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों से माफी मांगी और कहा कि मुझसे कोई गलती हुई हो तो मुझे माफ करना।

भाजपा नेता हितेश बाजपेई ने एक्स पर जीतू पटवारी की अनाज की बोरी उठाए एक फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा कि जीतू पटवारी जी का गेटअप देखिए। कुर्ते में तीन-चार ऑडियो माइक लगे हैं। उनके साथ उनकी पीआर टीम फोटो-वीडियो बनाने में लगी हुई थी। किसानों की चिंता नहीं थी। किसान तो उन्होंने बाहर छोड़ दिए। किसानों के नाम पर अपनी राजनीति चमका रहे हैं जीतू पटवारी जी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज कांग्रेस नेता जीतू पटवारी बिना सूचना के कृषि मंत्री के घर पर चले गए और प्रदर्शन करने लगे। सोयाबीन की बात कर रहे हैं और गेहूं लेकर पहुंचे। मैं तो पूर्व मुख्यमंत्री की तारीफ करूंगा कि उन्होंने सम्मानपूर्वक बुलाया और आदर किया। उन्होंने कहा कि आपका किसी बात पर विरोध है तो उसका तरीका होता है। सूचना होती है फिर बातचीत होती है। सिर्फ स्टंट करने और लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह के कृत्य की जितनी आलोचना की जाए उतनी कम है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *