Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BIHAR

हाईकोर्ट के आदेश पर जब्त वाहनों की नीलामी मामले में ईओयू की टीम गोपालगंज उत्पाद कार्यालय पहुंची

आगमन

गोपालगंज, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में जब्त वाहनों की नीलामी से जुड़े गंभीर मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की कार्रवाई से गुरुवार की शाम जिले में हड़कंप मच गया। ईओयू की टीम ने जिला उत्पाद कार्यालय में पहुंचकर नीलामी से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की और आवश्यक कागजात अपने साथ ले गई।

जिला उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व याचिकाकर्ता राधेश्याम सिंह की शिकायत और माननीय हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CJ-7840), जो पहले ही चोरी हो चुकी थी, उसे गोपालगंज में गठित टेंडर कमेटी द्वारा गलत तरीके से नीलाम कर दिया गया। आरोप है कि वाहन की नीलामी के दौरान जानबूझकर गलत रजिस्ट्रेशन नंबर दिखाया गया।

जिला उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, नीलामी प्रक्रिया में स्कॉर्पियो वाहन को BR06PD-9070 रजिस्ट्रेशन नंबर पर दर्शाया गया, जबकि संबंधित अधिकारियों को वाहन के वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी थी। इसके बावजूद गलत मालिक के नाम पर नोटिस जारी किया गया। स्वाभाविक रूप से गलत व्यक्ति नोटिस पर उपस्थित नहीं हुआ, जिसके आधार पर वाहन जब्ती का आदेश पारित कर दिया गया और बाद में उसकी नीलामी कर दी गई।

याचिकाकर्ता ने इस पूरी प्रक्रिया को साजिश करार देते हुए माननीय हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मामले को गंभीर मानते हुए आर्थिक अपराध इकाई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में ईओयू की अनुसंधान टीम गुरुवार की शाम गोपालगंज पहुंची और जिला उत्पाद कार्यालय से नीलामी से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों की मांग की। ईओयू अधिकारियों ने नीलामी प्रक्रिया, नोटिस निर्गमन, जब्ती आदेश और टेंडर कमेटी की भूमिका से संबंधित फाइलों की बारीकी से जांच की। इसके बाद संबंधित अभिलेखों को अपने साथ ले जाकर आगे की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जांच का दायरा केवल एक वाहन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूर्व में तत्कालीन उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार के द्वारा हुई अन्य नीलामियों की भी समीक्षा की जा सकती है।

—————

(Udaipur Kiran) / Akhilanand Mishra

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *