Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

जीएसटी सुधारों ने देश की आर्थिक एकता को सशक्त किया है: ए के शर्मा

मंत्री ए के शर्मा दुर्गा पूजा पंडाल का अवलोकन करते हुए
ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन करते हुए
मंत्री ए के शर्मा सफाई कर्मचारी को सम्मानित करते हुए
ऊर्जा मंत्री को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह

जौनपुर 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रभार जनपद जौनपुर का रविवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उषा उपवन खैरुद्दीनगंज नगर क्षेत्र मडियाहूं में व्यापारियों एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किए गए जीएसटी सुधारों की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह सुधार देश की आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं।

मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि जीएसटी में की गई दर कटौतियों का सीधा असर बाजार पर दिखाई देने लगा है। रोज़मर्रा की उपयोगी वस्तुओं को 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की श्रेणी से निकालकर 5 प्रतिशत के स्लैब में लाया गया है। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और बाजार में खरीदारी की रफ्तार बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पहले कर ढांचा जटिल और असमान था, लेकिन अब “एक राष्ट्र–एक टैक्स” व्यवस्था ने कारोबारियों के लिए पारदर्शी माहौल तैयार किया है। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े व्यापारी तक सभी को समान अवसर प्राप्त हो रहे हैं। संवाद के दौरान ऊर्जा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण क्षेत्र को विशेष लाभ दिया गया है। सीमेंट की दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे मकान बनाने और अवसंरचना विकास की लागत में कमी आएगी। इसी तरह ऑटो पार्ट्स और कई प्रकार के वाहन अब 18 प्रतिशत की श्रेणी में आ गए हैं, जिससे ऑटोमोबाइल उद्योग को मजबूती मिलेगी। मंत्री श्री शर्मा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए सुधारों पर जोर देते हुए बताया कि 33 जीवनरक्षक दवाओं पर अब कोई जीएसटी नहीं लगेगा, जबकि 3 अन्य दवाओं पर कर शून्य कर दिया गया है। कई चिकित्सा उपकरण और डिवाइस भी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर भी अब जीएसटी नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल मरीजों और आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुलभ बनाया जा सकेगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ट्रैक्टर और कृषि मशीनरी पर कर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया है। इसी तरह कुटीर उद्योग और एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए हैंडलूम, मैनमेड फाइबर और यार्न पर भी कर दरों में कमी की गई है। मा० मंत्री जी ने कहा कि इन सुधारों से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और ग्रामीण स्तर पर उत्पादन क्षमता मजबूत होगी।

ऊर्जा मंत्री ने सेवाओं पर किए गए सुधारों को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि अब रु० 7,500 प्रतिरात तक के होटल कमरों पर कर केवल 5 प्रतिशत लगेगा, जिससे पर्यटन और आतिथ्य उद्योग को नई गति मिलेगी। साथ ही जिम, योग केंद्र और सलून जैसी सेवाओं पर भी कर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

व्यापारियों और दुकानदारों ने संवाद के दौरान स्वीकार किया कि जीएसटी सुधारों से उनके कामकाज में पारदर्शिता आई है, हिसाब-किताब आसान हुआ है और ग्राहकों का विश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने इसे उद्योग जगत के लिए एक “गेम चेंजर” बताया। आमजन ने भी कहा कि रोज़मर्रा की वस्तुएँ सस्ती होने से घरेलू बजट पर सकारात्मक असर पड़ा है। श्री शर्मा जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीएसटी सुधारों ने देश की आर्थिक एकता को सशक्त किया है और व्यापार जगत में नया भरोसा जगाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार व्यापारी वर्ग के साथ हर कदम पर खड़ी है। व्यापारी न केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं बल्कि समाज के विकास का भी आधार हैं, और उनकी सुरक्षा तथा प्रगति के लिए सरकार लगातार प्रयासरत रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर, हॉस्पिटल, चौराहे, बस स्टेशन, सभी स्वच्छ हो जिससे महात्मा गांधी जी के सपनों को साकार किया जा सके, मा० प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता का संकल्प लिया जिसे हम सभी को मिलकर साकार बनाने की आवश्यकता है। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सफाई मित्र को सम्मानित किया जा रहा है।पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती से गांधी जयंती का एक सप्ताह का समय सफाई अभियान में सहयोग करे, योगदान करे सफाई को आदत बनाए, उत्तर प्रदेश को स्वच्छ बनाए जिससे आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त हो। उन्होंने सफाई मित्रो का धन्यवाद किया।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *