Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सीएसए के दीक्षारंभ में छात्रों को दी गई नियमों एवं अनुशासन की जानकारी

दीक्षारंभ का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से सशक्त बनाना

कानपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में कम्पनी बाग़ स्थित चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दीक्षारंभ सह-ओरिएंटेशन कार्यक्रम का पाँचवाँ दिन अत्यंत सार्थक एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रथम वक्ता विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्लू) रहे। यह जानकारी मंगलवार को कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सी. एल. मौर्य ने दी।

डॉ. सी. एल. मौर्य ने बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय से संबंधित नियमों व अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अध्ययन प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला।

अधिष्ठाता डॉ. सी. एल. मौर्य ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से सशक्त बनाना है, ताकि वे विश्वविद्यालय जीवन के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से प्राप्त मार्गदर्शन को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ मौर्य ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्तियों, वित्तीय सहायता योजनाओं तथा उनके आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया, जिससे नवप्रवेशित छात्र अपने शैक्षणिक जीवन को सुचारु रूप से आगे बढ़ा सकें।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। पाँचवें दिन के सत्रों ने विद्यार्थियों को अनुशासित, लक्ष्यपूर्ण एवं सफल शैक्षणिक जीवन की दिशा में प्रेरित किया।

कार्यक्रम के द्वितीय वक्ता कृष्णवीर सिंह शाक्य रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, सही अध्ययन सामग्री के चयन तथा निरंतर अभ्यास के महत्व पर बल दिया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने सफल साक्षात्कार के लिए आवश्यक आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जो विद्यार्थियों के करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।

(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *