Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, कई जिलों में राहत के आसार

जयपुर, 09 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। राजस्थान में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। सोमवार को अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा, हालांकि जैसलमेर और बाड़मेर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया। इन दोनों जिलों सहित बालोतरा में मंगलवार को स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Udaipur heavy rain

बीते 24 घंटों में बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और सिरोही जिलों में डिप्रेशन सिस्टम के असर से 1 से 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई। जालोर में भारी बरसात के कारण भारत माला एक्सप्रेस-वे पर कटाव हो गया और हाईवे का बड़ा हिस्सा बह गया। भरतपुर में मकान ढहने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि डीग के डुबोकर गांव में दो मंजिला मकान गिरने से भाई-बहन की जान चली गई और चार लोग घायल हो गए। उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 ई पर भूस्खलन हुआ, वहीं सायरा इलाके में पुलिया पार करते समय एक बुजुर्ग बह गया, जिसका शव सात किलोमीटर दूर मिला। सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में सरकारी स्कूल का बरामदा गिर गया, लेकिन सौभाग्य से बड़ा हादसा टल गया।

मौसम विभाग के अनुसार 10 सितम्बर से राज्य में बारिश का दौर और धीमा पड़ेगा तथा अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि 9 सितम्बर को जैसलमेर और बाड़मेर में भारी बारिश की आशंका बनी रहेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र की जानकारी

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब में बदलकर दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद राज्य में केवल हल्की-फुल्की बरसात ही देखने को मिलेगी।

पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के आंकड़े:

  • जालोर (सांचौर) – 35 मिमी

  • जालोर (चीतलवाना) – 30 मिमी

  • सिरोही (माउंट आबू) – 45 मिमी

  • बाड़मेर (नोखड़ा) – 60 मिमी

  • बाड़मेर (चौहटन) – 23 मिमी

  • बाड़मेर (धनाऊ) – 22 मिमी

  • बाड़मेर (सिणधरी) – 24 मिमी

  • बाड़मेर (बायतू) – 17 मिमी

इसके अलावा जैसलमेर, अजमेर, चूरू, दौसा, जोधपुर और उदयपुर जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।

सोमवार को सिरोही सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं जयपुर में 23.8, अजमेर में 21.7, बाड़मेर और जोधपुर में 24.0, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 24.8, बीकानेर में 25.0 और श्रीगंगानगर में 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *