Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

माइक्रो फाइनेंस बैंकों के मनमानी के ख़िलाफ़ कांग्रेस करेगी आंदोलन: राजेश राम

माइक्रो फाइनेंस बैंकों के मनमानी के ख़िलाफ़ कांग्रेस करेगी आंदोलन: राजेश राम

पटना, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुजफ्फरपुर जिले के सकरा में नवलपुर मिश्रवलिया ग्राम निवासी अमरजीत पासवान और उनकी तीन बच्चियों के मौत पर न्याय के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने घटनास्थल के दौरे के बाद प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन में उक्त परिवार की आंखों देखी विभीषिका को बयान किया और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग राज्य सरकार से की। साथ ही उन्होंने दोषी माइक्रो फ़ाइनेंस बैंक को चिह्नित कर कार्रवाई करने की माँग भी राज्य सरकार से की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भूख, कर्ज और तंगी के हालात में फांसी लगाकर अपना और परिजनों के लिए मौत स्वीकारने वाले पिता की स्थिति के लिए जिम्मेदार राज्य की सरकार है जो ग़रीब और पिछड़े वर्ग को सम्मानजनक जीवन जीने की भी गारंटी नहीं दे सकती है। हृदयविदारक घटना जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई वह हमें सोचने को विवश करती है कि क्या राज्य में क़ानून नाम की कोई चीज नहीं है जो ग़रीब और पीड़ित न्याय मांगने की जगह मौत को चुनना पसंद कर रहे हैं?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि माइक्रोफाइनेंस बैंकों के कारण लगातार सूबे में अप्रिय घटनाएं घट रही हैं और सरकार इस पर लगाम लगाने में असफल है। यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि अगल बगल के कई गांवों के लोग ऐसे कर्ज के कारण घर को छोड़कर पलायन को मजबूर हैं। कई घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि मो रईस, रंजीत मांझी, सीवन दास सहित अन्य पीड़ितों ने या तो आत्महत्या कर ली या पलायन को विवश हो गए। माइक्रो फाइनेंस कंपनी और बैंक के खिलाफ बिहार कांग्रेस बड़ा जनआंदोलन करेगी और सरकार से सख्त कानून बनाने और लोन रिकवरी के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को अविलंब समुचित मुआवज़ा दिया जायें और जीवित बचे बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाए तथा माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के कर्ज़ और उनके कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने राज्य में क़ानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया कि आम जनता के मन में सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं है इसलिए थक कर वें ऐसे दर्दनाक फैसले लेने को विवश हो जा रहे हैं । पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी अपनी भूमिका निभाएगी।

संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के अलावे मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन सौरभ सिन्हा और लीगल सेल के अध्यक्ष संजय पांडेय मौजूद रहें।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *