Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

भारतीय सेना ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में रेजांग लॉ के युद्ध में अभूतपूर्व वीरता व साहस का परिचय दिया : डॉ. मनोज कुमार

हिन्दू कालेज में व्याख्यान देते प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार।

हिन्दू कालेज के रक्षा एवं स्त्रातेजिक अध्ययन विभाग तथा 24वीं बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में व्याख्यान का आयोजन

मुरादाबाद, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिन्दू कालेज के रक्षा एवं स्त्रातेजिक अध्ययन विभाग तथा 24वीं बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में चल रही व्याख्यानमाला के अंतर्गत गुरुवार को रक्षा अध्ययन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार ने “1962 का भारत-चीन युद्ध” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि किस प्रकार लद्दाख क्षेत्र में भारतीय सेना ने परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में रेजांग लॉ के युद्ध मे अभूतपूर्व वीरता और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा हेतु अंतिम सांस तक संघर्ष किया। मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व और उनके अदम्य साहस ने न केवल उस समय भारतीय सेना का मनोबल ऊँचा किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमर प्रेरणा का स्रोत बना।

उन्होंने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि 1962 का यह युद्ध केवल एक सैन्य संघर्ष नहीं था, बल्कि भारतीय सैनिकों के बलिदान, त्याग और अडिग देशभक्ति की गौरवगाथा है। मेजर शैतान सिंह का नाम आज भी भारतीय सैन्य इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है और उनकी शहादत हमें यह सिखाती है कि देश की रक्षा सर्वोपरि है।

कार्यक्रम में छात्रों और कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस ऐतिहासिक प्रसंग से गहराई से जुड़ने का अवसर पाया। व्याख्यान के अंत में विभाग प्रभारी ने डॉ. मनोज कुमार के प्रेरक वक्तव्य के लिए आभार व्यक्त किया तथा छात्रों से आह्वान किया कि वह इन वीर सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तैयार रहें। इस अवसर पर विभाग के समस्त शिक्षक मौजूद रहे।

व्यख्यानमाला का संयोजन डॉ राजीव कुमार और संचालन डॉ चंद्रजीत यादव ने किया।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *