Skip to content
Thursday, 26 November 2026
BREAKING
TECHNOLOGY

WhatsApp पर आया नया फीचर, अब शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज

उदयपुर, 25 नवंबर: WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक तौर पर ‘शिड्यूल्ड मैसेजेस’ (Scheduled Messages) फीचर रोल आउट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर का लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब यूजर्स किसी तय तारीख और समय के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे, जिसके लिए किसी थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी के मुताबिक, यह फीचर पर्सनल और ग्रुप दोनों चैट्स में काम करेगा। शेड्यूल किए गए मैसेज तय समय पर अपने आप चले जाएंगे, भले ही भेजने वाला उस वक्त ऑफलाइन ही क्यों न हो। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल यह फीचर कुछ चुनिंदा यूजर्स को ही मिल रहा है और सभी तक पहुंचने में थोड़ा वक्त लग सकता है। आइए जानते हैं इससे जुड़ी सभी डिटेल्स।

WhatsApp का शिड्यूल्ड मैसेजेस फीचर

WhatsApp पिछले कुछ समय से Android और iOS के कुछ बीटा यूजर्स के साथ इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा था। Gadgets360 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 25 नवंबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक टीजर जारी कर इस फीचर का ऐलान किया।

कैसे काम करता है यह फीचर?

इस फीचर की मदद से यूजर्स मैसेज लिखकर यह तय कर सकते हैं कि उसे कब भेजना है। इसके लिए चैट (पर्सनल या ग्रुप) खोलें, मैसेज टाइप करें या कोई मीडिया फाइल (फोटो या वीडियो) अटैच करें, और फिर सेंड बटन को थोड़ी देर दबाकर (लॉन्ग-प्रेस) रखें। ऐसा करते ही मैसेज भेजने की तारीख और समय चुनने का ऑप्शन स्क्रीन पर आ जाएगा। यूजर्स 10 मिनट से लेकर दो हफ्ते पहले तक मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं।

फीचर की कुछ सीमाएं

यूजर्स टेक्स्ट, लिंक, फोटो और वीडियो को शेड्यूल कर सकते हैं, और ये सभी WhatsApp के एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। हालांकि, यह फीचर डॉक्यूमेंट्स के लिए काम नहीं करेगा। एक बार डिलीवरी टाइम सेट हो जाने के बाद मैसेज अपने आप चला जाएगा। इसके लिए भेजने वाले को WhatsApp खुला रखने या फोन में इंटरनेट चालू रखने की भी जरूरत नहीं होगी। यानी अगर यूजर ऑफलाइन भी होगा, तब भी मैसेज डिलीवर हो जाएगा।

भेजने से पहले डिलीट कर सकते हैं शेड्यूल मैसेज

मैसेज जाने से पहले यूजर्स अपने शेड्यूल किए गए मैसेजेस को देख भी सकते हैं। चैट इन्फो स्क्रीन पर पेंडिंग मैसेजेस का एक अलग सेक्शन दिखेगा। अगर यूजर का मन बदल जाता है और वह मैसेज नहीं भेजना चाहता, तो वह यहां से उसे डिलीट कर सकता है। शेड्यूल मैसेज डिलीट करने पर सामने वाले को कोई नोटिफिकेशन नहीं जाएगा, क्योंकि मैसेज चैट में पहुंचा ही नहीं होता।

ग्रुप चैट में कैसे काम करेगा यह फीचर?

ग्रुप चैट्स में यह फीचर एक खास तरीके से काम करता है। अगर ग्रुप का कोई मेंबर मैसेज शेड्यूल करता है, तो वह सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगा जो मैसेज शेड्यूल करते वक्त ग्रुप में मौजूद थे। जो लोग बाद में ग्रुप में जुड़ेंगे, उन्हें पहले से शेड्यूल किया गया मैसेज नहीं मिलेगा।

धीरे-धीरे सभी यूजर्स को मिलेगा फीचर

रिपोर्ट्स की मानें तो यह फीचर अभी सिर्फ कुछ ही यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिसका मतलब है कि WhatsApp इसे धीरे-धीरे अपने सभी यूजर्स के लिए रोल आउट कर रहा है। जिन यूजर्स को अभी यह ऑप्शन नहीं दिख रहा है, उन्हें थोड़ा इंतजार करना होगा।

WhatsApp पर आया नया फीचर, अब शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज

Share