Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
BREAKING
BJP

राजस्थान में जिला प्रमुख की 37 में से 24 सीटों पर कांग्रेस की जीत; बीजेपी को 10, बीएपी को 2 और आरएलपी को 1 सीट मिली

जयपुर, 25 नवंबर (उदयपुर किरण)। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने राज्य की ग्रामीण राजनीति की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है. 37 जिलों में हुए चुनावों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटें जीतीं और 24 जिला प्रमुख पदों पर कब्जा जमाया. वहीं बीजेपी को 10 जिलों में जीत मिली, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक सीट जीती.

Rajasthan Zila Pramukh Results

नतीजों से यह भी साफ हुआ कि जिला परिषद में किसी पार्टी के पास ज्यादा सदस्य होने का मतलब हमेशा जीत की गारंटी नहीं होता. चूरू में कांग्रेस के पास साफ बहुमत होने के बावजूद बीजेपी की कनिका सिंह जिला प्रमुख बन गईं. वहीं ब्यावर में बीजेपी के पास ज्यादा सदस्य थे, लेकिन फिर भी कांग्रेस उम्मीदवार ममता गुर्जर ने बीजेपी उम्मीदवार को हरा दिया.

उदयपुर में कांग्रेस खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग का फायदा बीजेपी उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला को मिला और वे चुनाव जीत गए. धौलपुर में कांग्रेस के 21 सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी अनीशा सिंह को केवल 15 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार सोमवती भास्कर को 14 वोट मिले.

चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने 21 साल बाद जिला प्रमुख पद पर वापसी की है। जयपुर में कांग्रेस उम्मीदवार यशवीर सूरा को सभी 42 वोट मिले, जबकि जालोर में आसू राम देवासी ने 19 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

पार्टी के हिसाब से जिला प्रमुख नतीजे

  • कांग्रेस: 24 जिले
  • बीजेपी: 10 जिले
  • भारत आदिवासी पार्टी (BAP): 2 जिले
  • राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP): 1 जिला

कांग्रेस ने सबसे ज्यादा जिला प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है। हालांकि, चूरू और ब्यावर जैसे जिलों के नतीजों से साफ हुआ कि वोटिंग के दिन बने सियासी समीकरणों और क्रॉस-वोटिंग ने कई सीटों पर बड़ा असर डाला।

जिलेवार चुने गए जिला प्रमुखों की लिस्ट

जिला जीते हुए उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे उम्मीदवार जीतने वाली पार्टी वर्ग
अजमेर पूजा भंसाली दशरथ कंवर बीजेपी सामान्य (महिला)
अलवर अनीता मीणा संतोष मीणा कांग्रेस एसटी
बालोतरा सुशीला भील फूलाराम बीजेपी एसटी
बांसवाड़ा रीना डॉ. विकास बामनिया बीएपी एसटी
बाड़मेर गफूर अहमद खंगार सिंह सोढ़ा कांग्रेस सामान्य
ब्यावर ममता गुर्जर निर्मला रावत कांग्रेस ओबीसी (महिला)
भरतपुर रेनू बाला पूजा कुमारी कांग्रेस एससी (महिला)
भीलवाड़ा कैलाश चंद्र मीणा सुखलाल कांग्रेस सामान्य
बीकानेर निकिता कड़वासरा सरिता चौहान कांग्रेस सामान्य (महिला)
बूंदी हंसा गुर्जर मनीष कुमार सैनी कांग्रेस ओबीसी
चित्तौड़गढ़ रतनी देवी तुलसी बाई कांग्रेस सामान्य (महिला)
चूरू कनिका सिंह प्रकाश देवी बीजेपी सामान्य (महिला)
दौसा बीना (निर्विरोध) कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं कांग्रेस एससी
डीडवाना-कुचामन बुधाराम गरवा पूनम बीजेपी एससी
डीग रेनू सिंह मुबीना बीजेपी सामान्य (महिला)
धौलपुर अनीशा सिंह सोमवती भास्कर कांग्रेस एससी (महिला)
डूंगरपुर अनुतोष रोत कांतिलाल डामोर बीएपी एसटी
हनुमानगढ़ रेनू सरस्वती देवी कांग्रेस सामान्य (महिला)
जयपुर यशवीर सूरा राजेश कुमार गुर्जर कांग्रेस सामान्य
जैसलमेर संतोष कुमारी (निर्विरोध) कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं कांग्रेस एसटी
जालोर आसू राम हरदानाराम बिश्नोई कांग्रेस ओबीसी
झालावाड़ वर्षा झाला कुसुमलता बीजेपी सामान्य (महिला)
झुंझुनू कोमल भंवरिया हर्षिनी कुल्हारी कांग्रेस सामान्य (महिला)
जोधपुर प्रमिला चौधरी लक्ष्मण राम कांग्रेस सामान्य
खैरथल-तिजारा इंद्रजीत यादव अमिता बीजेपी ओबीसी
कोटपूतली-बहरोड़ रावनिवास बलवान सिंह कांग्रेस सामान्य
नागौर पांचाराम अनिल आरएलपी एससी
पाली सीता निरमा चौधरी बीजेपी एससी
फलौदी यशवंत कंवर सरिता कांग्रेस सामान्य (महिला)
प्रतापगढ़ हाकरी कुमारी इंदिरा देवी बीजेपी एसटी (महिला)
राजसमंद सुंदर देवी मदन सिंह चौधरी कांग्रेस सामान्य
सलूंबर पुष्पा कुमारी मीणा लीला मीणा कांग्रेस एसटी (महिला)
सवाई माधोपुर आशा देवी (निर्विरोध) कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं कांग्रेस एससी
सीकर सुनीता गठवाला सुनीता रणवां कांग्रेस ओबीसी (महिला)
सिरोही गुमान सिंह गंगा सिंह कांग्रेस सामान्य
टोंक अलका बैरवा प्रियंका बैरवा कांग्रेस एससी (महिला)
उदयपुर हिम्मत सिंह झाला लाल सिंह झाला बीजेपी सामान्य

तीन जिलों में निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार

दौसा, जैसलमेर और सवाई माधोपुर में कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए, क्योंकि इनके खिलाफ किसी दूसरी पार्टी या निर्दलीय प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया था।

दौसा से बीना बैरवा, जैसलमेर से संतोष कुमारी और सवाई माधोपुर से आशा देवी निर्विरोध चुनी गईं।

चार जिलों के नतीजों का 17 दिसंबर तक रहेगा इंतजार

बुधवार को 37 जिलों में जिला प्रमुख के नतीजे तो घोषित हो गए, लेकिन चार जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नतीजे अभी आने बाकी हैं।

ये जिले हैं- कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनावों के नतीजे 17 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। नतीजों के ऐलान के बाद यहां जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए चुनाव होंगे।

राजस्थान में जिला प्रमुख की 37 में से 24 सीटों पर कांग्रेस की जीत; बीजेपी को 10, बीएपी को 2 और आरएलपी को 1 सीट मिली

Share