टोयोटा ने लॉन्च की नई इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कार

बेंगलुरु, 25 नवंबर: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने अपनी बिल्कुल नई इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर दी है। इस मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹19.99 लाख है। नए मॉडल में फ्लेक्स-फ्यूल इंजन के साथ सेल्फ-चार्जिंग स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है। यह E20 से लेकर E85 तक के इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल पर चल सकती है। यह गाड़ी टोयोटा के TNGA 2.0-लीटर फ्लेक्स-फ्यूल इंजन पर काम करती है, जिसे 5वीं जेनरेशन के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक सिस्टम और ई-ड्राइव ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है।
इसका पावरट्रेन 147 kW पर कुल 197.13 HP का मैक्सिमम आउटपुट देता है। इसमें EV, ईको और पावर ड्राइविंग मोड्स भी दिए गए हैं। टोयोटा का कहना है कि E20 फ्यूल का इस्तेमाल करने पर यह गाड़ी 22.58 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है। ऑटो-चार्जिंग हाइब्रिड होने की वजह से इसे बाहर से चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती है।
नए प्लांट में निवेश: भारत में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के हेड विक्रम गुलाटी ने CNBC-TV18 को बताया कि इनोवा हाइक्रॉस FFV स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी और फ्लेक्स-फ्यूल इंजन को एक साथ लाती है। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी E20 से लेकर E85 फ्यूल पर चल सकती है, जिससे ग्राहकों को फ्यूल के कई ऑप्शन मिलते हैं और साथ ही ऑटो-चार्जिंग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी की सुविधा भी मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि बिदादी में टोयोटा के तीसरे प्लांट में अगले महीने से कामकाज शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ₹3,300 करोड़ के निवेश के साथ इस नए प्लांट की सालाना प्रोडक्शन कैपेसिटी 1 लाख गाड़ियां बढ़ाएगी।
भारत में ही बनेंगे फ्लेक्स-फ्यूल इंजन: टोयोटा ने भारत में एक नई ई-ड्राइव प्रोडक्शन लाइन भी शुरू की है। इस लाइन में 5वीं जेनरेशन के इलेक्ट्रिफाइड पावरट्रेन के पार्ट्स बनाए जाएंगे, जिनकी प्रोडक्शन कैपेसिटी 2 लाख यूनिट होगी। गुलाटी ने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल इंजनों का प्रोडक्शन भी भारत में ही किया जा रहा है और कंपनी इनोवा हाइक्रॉस FFV के ज्यादा से ज्यादा पार्ट्स भारत में ही बनाने (लोकलाइजेशन बढ़ाने) की योजना बना रही है।
इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड के फीचर्स: नई इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड में नया डिजाइन किया गया फ्रंट बंपर और ग्रिल, अपडेटेड प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैंप्स, डबल-स्टैक्ड एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स और नए डिजाइन वाले रियर कॉम्बिनेशन लैंप्स दिए गए हैं। केबिन में 12.3-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच का टीएफटी मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले मिलता है, जो कार को अंदर से बेहद प्रीमियम और लग्जरी लुक देता है।
अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, मेमोरी फंक्शन के साथ 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, पावर्ड सेकंड-रो ओटोमन सीट्स और डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल शामिल हैं। यह मॉडल 7-सीटर और 8-सीटर दोनों ऑप्शन में उपलब्ध है। साथ ही इसमें 9-स्पीकर वाला जेबीएल प्रीमियम साउंड सिस्टम, टोयोटा आई-कनेक्ट, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के अलावा रिमोट एयर कंडीशनिंग कंट्रोल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
टोयोटा ने लॉन्च की नई इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कार



