सलूंबर जिला प्रमुख चुनाव: ज्यादा सदस्य होने के बाद भी हारी बीजेपी, कांग्रेस ने मारी बाजी
पुष्पा मीणा ने लीला मीणा को 5 वोटों से हराया

सलूंबर, 25 नवंबर (उदयपुर किरण)। सलूंबर में बुधवार को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। जिला परिषद में सबसे ज्यादा सदस्य होने के बावजूद बीजेपी के हाथ से यह सीट फिसल गई और पूरा सियासी गणित बदल गया। 9 सदस्यों वाली बीजेपी यह पद हासिल नहीं कर पाई, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार ने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के चार सदस्यों के समर्थन और एक अतिरिक्त वोट की बदौलत जीत दर्ज कर ली।
कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा ने बीजेपी उम्मीदवार लीला मीणा को पांच वोटों से हरा दिया। पुष्पा मीणा को कुल 13 वोट मिले, जबकि लीला मीणा को सिर्फ आठ वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
इस नतीजे के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न शुरू हो गया, वहीं सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद चुनाव हारने पर बीजेपी के भीतर सवाल खड़े होने लगे हैं।
एक अतिरिक्त वोट ने खड़े किए क्रॉस वोटिंग के सवाल
21 सदस्यों वाली सलूंबर जिला परिषद में बीजेपी के पास 9, कांग्रेस के पास 8 और बीएपी के पास 4 सदस्य थे। इस लिहाज से बीजेपी संख्याबल में कांग्रेस से एक सीट आगे थी।
बीएपी के चारों सदस्यों का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस के पास कुल 12 वोट होने की उम्मीद थी। हालांकि, पुष्पा मीणा को 13 वोट मिले। इससे साफ है कि एक अतिरिक्त वोट भी उनके पाले में गिरा।
सियासी जानकार इस अतिरिक्त वोट को बीजेपी खेमे से हुई संभावित क्रॉस वोटिंग से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक रूप से यह साफ नहीं हो पाया है कि किस सदस्य ने क्रॉस वोटिंग की।
बुधवार सुबह तय हुए थे उम्मीदवारों के नाम
अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों में ही मंगलवार रात तक असमंजस की स्थिति बनी रही। दोनों ही पार्टियां लगातार मंथन करने और अपने सदस्यों की राय जानने में जुटी रहीं।
बुधवार सुबह वोटिंग से पहले कांग्रेस ने पुष्पा कुमारी मीणा को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया, जबकि बीजेपी ने लीला मीणा को मैदान में उतारा।
शुरुआत में पंचायत समिति परिसर में चुनाव अधिकारी के सामने चार उम्मीदवारों ने नामांकन के पर्चे भरे थे। इनमें बीजेपी से लीला मीणा, कांग्रेस से पुष्पा कुमारी मीणा, बीएपी से अनुराधा जितेश कटारा और बीजेपी सदस्य सोनल मीणा शामिल थीं, जिन्होंने निर्दलीय के तौर पर नामांकन दाखिल किया था।
नेताओं के बीच बातचीत और मान-मनौव्वल के बाद अनुराधा जितेश कटारा और निर्दलीय प्रत्याशी सोनल मीणा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद मुकाबला सीधे तौर पर पुष्पा मीणा और लीला मीणा के बीच सिमट गया।
दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। वोटों की गिनती के बाद पुष्पा कुमारी मीणा को सलूंबर की जिला प्रमुख घोषित कर दिया गया।
सलूंबर की सियासत में पहले भी असर दिखा चुकी है क्रॉस वोटिंग
सलूंबर के स्थानीय चुनावी मुकाबलों में पहले भी क्रॉस वोटिंग बड़ा उलटफेर कर चुकी है।
साल 2020 के पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी के 11 और कांग्रेस के 10 सदस्य थे। लेकिन, प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस को 11 वोट मिल गए जबकि बीजेपी 10 वोटों पर ही सिमट गई।
ऐसा ही कुछ हालिया नगर पालिका चुनाव में भी देखने को मिला था। तब बीजेपी के पास 12 और कांग्रेस के पास 11 वोट थे, साथ ही एक निर्दलीय और एक बीएपी का वोट था। हालांकि बीजेपी को निर्दलीय का समर्थन मिल गया था, लेकिन उसके अपने खेमे से क्रॉस वोटिंग हो गई और कांग्रेस उम्मीदवार अध्यक्ष बन गया।
ताजा जिला प्रमुख चुनाव ने एक बार फिर क्रॉस वोटिंग को चर्चा में ला दिया है, जहां बीजेपी से कम सदस्य होने के बाद भी कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली।
वोटिंग सेंटर पर भावुक हुईं सोनल मीणा
चुनाव के दौरान एक भावुक कर देने वाला वाकया भी सामने आया। निर्दलीय पर्चा भरने वाली सोनल मीणा पंचायत समिति परिसर में रो पड़ीं और पुलिस अधिकारियों से बार-बार अपने पिता से मिलने देने की गुहार लगाती नजर आईं।
वोटिंग के दौरान बाहर आते हुए उन्हें यह कहते सुना गया, “प्लीज मुझे मेरे पिता से मिलने दीजिए।” चश्मदीदों के मुताबिक, उन्होंने कई बार यह गुहार लगाई, लेकिन वह अपने पिता से नहीं मिल पाईं। इसके बाद पार्टी नेता उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया जनता की जीत
पुष्पा कुमारी मीणा की जीत के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने इस नतीजे को जनता की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी से नाराज थी और चुनाव का यह नतीजा उसी नाराजगी को दिखाता है। उन्होंने कांग्रेस को मिले समर्थन पर खुशी भी जताई और कहा कि जिला परिषद में ज्यादा सदस्य होने के बावजूद बीजेपी यह पद जीतने में नाकाम रही।
सलूंबर जिला प्रमुख चुनाव: ज्यादा सदस्य होने के बाद भी हारी बीजेपी, कांग्रेस ने मारी बाजी


