Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
BREAKING
backlash

काइली जेनर की पोस्ट पर मचा बवाल, भड़के भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स

लॉस एंजिल्स, 25 नवंबर: अमेरिकी सुपरमॉडल काइली जेनर की एक नई पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को काइली ने अपनी बहन केंडल जेनर के साथ एक पोस्ट शेयर की। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद भारतीय यूजर्स ने इसे ट्रोल करना शुरू कर दिया। यह पोस्ट केंडल जेनर के 30वें जन्मदिन के सेलिब्रेशन का हिस्सा थी। यह फोटो उनकी बहामास ट्रिप की है, जहां दोनों बहनें एक यॉट पर क्वालिटी टाइम बिताती नजर आ रही हैं। कैप्शन में काइली ने लिखा, “पूरी दुनिया की सबसे क्यूट लड़की।”

आखिर विवाद क्यों शुरू हुआ?

शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, तो फिर सवाल उठता है कि इस पर विवाद क्यों हुआ? असल में सारा विवाद केंडल जेनर के कपड़ों को लेकर शुरू हुआ। तस्वीरों में केंडल ब्लैक बिकिनी के साथ पीले रंग का सारोंग (कमर पर लपेटा जाने वाला कपड़ा) पहने नजर आ रही हैं। इस पीले कपड़े पर हिंदू धर्म का पवित्र प्रतीक ‘ओम’ और कुछ मंत्र लिखे हुए हैं। बस यहीं से विवाद शुरू हो गया, क्योंकि कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स का मानना था कि इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

फोटो पर लोगों का रिएक्शन

कमेंट सेक्शन में जहां कुछ लोगों ने इसे बहुत सामान्य तरीके से लिया और तस्वीरों की खूबसूरती की तारीफ की, वहीं कई अन्य ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। एक यूजर ने लिखा, “ओम एक बेहद पवित्र प्रतीक है, और इसे स्विमवियर या बिकिनी के साथ एक आम फैशन एक्सेसरी की तरह पहनना अनादर है।” एक अन्य ने कमेंट किया, “मुझे ऐसा क्यों लग रहा है कि इस पर विवाद होने वाला है?” एक फॉलोअर ने कहा, “यह तो ऐसा लग रहा है जैसे छठ पूजा का दुपट्टा वहां पहुंच गया हो।” कुछ लोगों ने तो यहां तक लिखा, “मेरा धर्म तुम्हारा कोई फैशन ट्रेंड नहीं है।”

दोनों बहनों के जवाब का इंतजार

लोग कह रहे हैं कि सेलेब्रिटीज को दूसरों के धर्मों का सम्मान करना सीखना चाहिए। सोशल मीडिया पर बढ़ते हंगामे और बहस को देखते हुए काइली जेनर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद (डिसेबल) कर दिया है। हालांकि, केंडल ने इस फोटो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है और बाकी फैंस भी इसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रीपोस्ट कर रहे हैं, इसलिए यह विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। अभी तक इस पूरे मामले पर दोनों बहनों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

काइली जेनर की पोस्ट पर मचा बवाल, भड़के भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स

Share