1 दिसंबर से कोहरे का असर: 6 ट्रेनें होंगी प्रभावित, 156 ट्रिप कैंसिल

25 नवंबर (उदयपुर किरण)। सर्दियों के मौसम में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कोहरे को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 6 ट्रेनों के संचालन में बदलाव का फैसला किया है। यह नया शेड्यूल 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगा।
इस दौरान दो ट्रेनें पूरी तरह कैंसिल रहेंगी, जबकि चार अन्य ट्रेनों के फेरे (फ्रीक्वेंसी) कम किए जाएंगे। तीन महीनों के दौरान कुल 156 ट्रिप कैंसिल रहेंगी। इससे राजस्थान से पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम जाने वाले यात्रियों पर असर पड़ेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) अमित सुदर्शन ने बताया कि कोहरे वाले इलाकों में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस दोनों तरफ से रहेगी कैंसिल
गाड़ी संख्या 19611 (अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस) दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच कुल 26 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन अजमेर से रवाना होकर किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी होते हुए पंजाब में एंट्री करती है। इसके बाद भिवानी, हिसार, सिरसा, बठिंडा, लुधियाना और जालंधर होते हुए अमृतसर पहुंचती है।
इसी तरह गाड़ी संख्या 19614 (अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस) भी 26 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन अमृतसर से चलकर ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, लुधियाना, मलेरकोटला, धूरी, संगरूर और जाखल होते हुए हिसार पहुंचती है। इसके बाद भिवानी, रेवाड़ी, खैरथल, अलवर, बांदीकुई, दौसा और गांधीनगर जयपुर होते हुए जयपुर, फुलेरा, किशनगढ़ और अजमेर जाती है।
अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस की 39 ट्रिप रहेंगी कैंसिल
गाड़ी संख्या 12988 (अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस) दिसंबर से फरवरी के बीच 39 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन अजमेर से चलकर किशनगढ़, जयपुर, भरतपुर, आगरा फोर्ट, टूंडला, कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल और दुर्गापुर होते हुए कोलकाता के सियालदह पहुंचती है।
वापसी में गाड़ी संख्या 12987 (सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस) भी इसी दौरान 39 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, कोडरमा, गया, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला और आगरा होते हुए भरतपुर पहुंचती है। इसके बाद जयपुर और किशनगढ़ होते हुए अजमेर जाती है।
इन ट्रेनों के कैंसिल होने से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले मुसाफिरों पर असर पड़ेगा।
अवध असम एक्सप्रेस के फेरे भी घटेंगे
गाड़ी संख्या 15909 (डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस) कुल 13 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ से चलकर न्यू तिनसुकिया, दीमापुर, गुवाहाटी, न्यू बोंगाईगांव, न्यू कूचबिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, गोरखपुर, लखनऊ और दिल्ली होते हुए राजस्थान पहुंचती है। इसके बाद हनुमानगढ़ होते हुए लालगढ़ जाती है।
वापसी में गाड़ी संख्या 15910 (लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस) भी 13 ट्रिप कैंसिल रहेगी।
यह ट्रेन लालगढ़ से चलकर हनुमानगढ़, सूरतगढ़ और बठिंडा होते हुए दिल्ली पहुंचती है। इसके बाद मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बरौनी, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, गुवाहाटी और न्यू तिनसुकिया होते हुए डिब्रूगढ़ पहुंचती है।
हालांकि, गाड़ी संख्या 15910 का संचालन 1 दिसंबर 2026 को अपने तय शेड्यूल के मुताबिक ही होगा।
सर्दियों के इस मौसम में सफर की प्लानिंग करने से पहले यात्रियों को ट्रेनों का बदला हुआ शेड्यूल जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।
1 दिसंबर से कोहरे का असर: 6 ट्रेनें होंगी प्रभावित, 156 ट्रिप कैंसिल

