एमजी कॉमेट ईवी के दाम बदले: कुछ वेरिएंट्स हुए महंगे, कुछ के घटे रेट

उदयपुर, 25 नवंबर: एमजी मोटर ने एक बार फिर अपनी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार कॉमेट ईवी की कीमतों में बदलाव किया है। इस बार कंपनी ने कुछ वेरिएंट्स की एक्स-शोरूम कीमत 10,000 रुपये तक बढ़ा दी है। वहीं दूसरी तरफ, BaaS (बैटरी एज अ सर्विस) प्लान के तहत आने वाले टॉप वेरिएंट की शुरुआती कीमत में 10,000 रुपये की कटौती की गई है। इस साल कॉमेट के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले भी कुछ वेरिएंट्स के दाम 17,000 रुपये तक बढ़ाए गए थे।
किस वेरिएंट के बढ़े दाम, कौन सा हुआ सस्ता?
एमजी कॉमेट के एग्जीक्यूटिव, एक्साइट, एक्साइट एफसी, एक्सक्लूसिव डुअल टोन और एक्सक्लूसिव एफसी डुअल टोन वेरिएंट्स के दाम 10,000 रुपये बढ़ गए हैं। यहां एफसी का मतलब फास्ट चार्जिंग है। वहीं दूसरी ओर, BaaS प्लान के तहत एक्सक्लूसिव डुअल टोन और एक्सक्लूसिव एफसी डुअल टोन वेरिएंट खरीदने वाले ग्राहकों को 10,000 रुपये की बचत होगी। नई कीमतों के मुताबिक, बैटरी के साथ एमजी कॉमेट की एक्स-शोरूम कीमत अब 7.90 लाख रुपये से लेकर 10.17 लाख रुपये तक हो गई है। BaaS प्लान के तहत इसकी शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपये से 7.26 लाख रुपये के बीच है। इसके अलावा, ग्राहकों को बैटरी के इस्तेमाल के लिए 3.3 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से अलग से चुकाने होंगे।
4-सीटर इलेक्ट्रिक कार के फीचर्स
एमजी कॉमेट एक कॉम्पैक्ट 4-सीटर इलेक्ट्रिक हैचबैक है। इसमें 10.25 इंच की डुअल स्क्रीन दी गई है, जिसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हैं। कार के बाकी फीचर्स की बात करें तो इसमें इलेक्ट्रिक ORVMs, टिल्ट-एडजस्टेबल स्टीयरिंग, मैनुअल एसी, पावर विंडो, 4-स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम, रिवर्स कैमरा और मैनुअल IRVM जैसे फीचर्स मिलते हैं।
अगले साल आ सकता है विंडसर ईवी का फेसलिफ्ट
एमजी मोटर इंडिया साल 2027 में विंडसर ईवी का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च कर सकती है। इसमें सबसे बड़ा बदलाव 61kWh का बैटरी पैक हो सकता है, जिससे गाड़ी की ड्राइविंग रेंज बढ़ सकती है। हालांकि, अपडेटेड मॉडल की रेंज को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। मौजूदा विंडसर ईवी में 38kWh और 52.9kWh के बैटरी पैक मिलते हैं, जो ARAI के मुताबिक 449 किमी तक की रेंज देते हैं। बैटरी में सुधार के अलावा, विंडसर ईवी के फेसलिफ्ट वर्जन के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, साथ ही इसमें कुछ नए फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
एमजी कॉमेट ईवी के दाम बदले: कुछ वेरिएंट्स हुए महंगे, कुछ के घटे रेट



