बिक्री में गिरावट के बीच ओला इलेक्ट्रिक ने डीलर्स को दिया 9% तक मार्जिन का ऑफर

उदयपुर, 25 नवंबर: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में अपनी खोई हुई पकड़ वापस पाने के लिए ओला इलेक्ट्रिक ने डीलर्स को लुभाने की एक नई स्ट्रैटेजी बनाई है। कंपनी अपने फ्रेंचाइजी डीलर्स को 9% तक का मार्जिन ऑफर कर रही है, जो इस इंडस्ट्री के आम कमीशन से काफी ज्यादा है। लगातार गिरती बिक्री, ग्राहकों की शिकायतों और दूसरी कंपनियों से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच ओला इलेक्ट्रिक अपने बिजनेस मॉडल में भी बदलाव कर रही है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
पहले तीन महीनों के लिए 9% मार्जिन
डीलर्स के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक आमतौर पर हर स्कूटर की बिक्री पर 6% का मार्जिन देती है। इसके अलावा, शुरुआती तीन महीनों के लिए 3% का एक्स्ट्रा इंसेंटिव भी दिया जा रहा है। इसका मतलब है कि शुरुआत में डीलर्स को कुल 9% तक का मार्जिन मिल सकता है। यह एक्स्ट्रा 3% डायरेक्ट पेमेंट की जगह क्रेडिट नोट के तौर पर दिया जाएगा। डीलर्स का कहना है कि कंपनी इस इंसेंटिव पीरियड को तीन महीने से बढ़ाकर छह महीने भी कर सकती है। ओला के एक डीलर ने बताया कि कंपनी प्रति गाड़ी करीब 11,000 रुपये का फायदा दे रही है।
हालांकि, यह रकम डीलर का एक अनुमान है। स्कूटर के सेलिंग प्राइस और कमीशन के हिसाब से असली पेआउट थोड़ा अलग हो सकता है। आमतौर पर टू-व्हीलर कंपनियां डीलर्स को करीब 3% से 5% तक का ही मार्जिन देती हैं।
D2C मॉडल से दूरी बना रही कंपनी
ओला इलेक्ट्रिक अब अपने खुद के ओनरशिप वाले डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) मॉडल की जगह फ्रेंचाइजी बेस्ड डीलर नेटवर्क पर फोकस कर रही है। इस बदलाव से कंपनी को अपने फिक्स्ड ऑपरेशनल खर्च घटाने और ज्यादा शहरों में अपना रिटेल नेटवर्क फैलाने में मदद मिल सकती है।
ओला इलेक्ट्रिक का मार्केट शेयर घटकर 7% पर आया
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री सालाना आधार पर करीब 36% गिरकर 118,830 यूनिट्स रह गई है। इस दौरान इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी का मार्केट शेयर एक साल पहले के 17% से घटकर करीब 7% पर आ गया है। वहीं दूसरी तरफ, देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट लगातार बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि सितंबर तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक को 362 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस (शुद्ध घाटा) हुआ, जबकि पिछले साल इसी दौरान 418 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 39% गिरकर 421 करोड़ रुपये रह गया। वहीं एडजस्टेड ऑपरेटिंग EBITDA लॉस 246 करोड़ रुपये रहा। उम्मीद जताई जा रही है कि ओला इलेक्ट्रिक अपनी इस नई रणनीति से बिक्री बढ़ाने में कामयाब होगी।
बिक्री में गिरावट के बीच ओला इलेक्ट्रिक ने डीलर्स को दिया 9% तक मार्जिन का ऑफर



